Chhindwara News: प्रशासन की सख्ती, 17 अवैध कॉलोनाइजरों पर चला बुलडोजर,ले-आउट तोड़े,पक्की सडक़े उखाड़ी

प्रशासन की सख्ती, 17 अवैध कॉलोनाइजरों पर चला बुलडोजर,ले-आउट तोड़े,पक्की सडक़े उखाड़ी
  • चार दलों ने शहर के चारों तरफ की कार्रवाई
  • बिना परमिशन कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई
  • बिना अनुमति अपने हिसाब से कर रहे है विकसित

Chhindwara: अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई की। अवैध ले-आउट तोड़ते हुए पक्की सडक़ों को उखाड़ दिया। नगर निगम क्षेत्र के चारों तरफ प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पहली बार एक साथ 17 अवैध कॉलोनाइजरी की अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई हुई है।

अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर शीलेंद्र सिंह द्वारा शनिवार को चार दलों का गठन किया गया था। शहर के झंडा, खजरी, जामुनझिरी, कुसमैली, कबाडिय़ा, लोनिया करबल, परतला, पोआमा और इमलीखेड़ा में कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम द्वारा बिना अनुमति बनाई गई सडक़, नाली और बाउंड्रीवाल को तोड़ा गया। अचानक हुई प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हडक़ंप मच गया। इन कॉलोनाइजरों में शहर के रसूखदार भी शामिल है। शनिवार को सुबह से शुरु हुई कार्रवाई शाम तक जारी रही। इस दौरान एडीएम केसी बोपचे, कमिश्नर नगर निगम चंद्रप्रकाश राय, एसडीएम सुधीर जैन और ईई ईश्वरसिंह चंदेली ने मौके पर पहुंचकर एक-एक अवैध ले-आउट को चिन्हांकित किया।

हिम्मत इतनी कि बिना अनुमति वैध कॉलोनियों की तरह कर रहे थे विकसित

मौके पर पहुंचे अधिकारी अवैध कॉलोनाइजरों के शानदार ले-आउट देखकर दंग रह गए। बिना कोई सरकारी परमिशन और रेरा की अनुमति के बगैर वे तमाम सुविधाएं यहां उपलब्ध कराई जा रही है। जो वैध कॉलोनियों में होती है। पक्की सडक़ों का निर्माण कर दिया गया था। इतना ही नहीं बकायदा जगह-जगह प्लॉट विक्रय के विज्ञापन लगे थे।

जारी रहेगी कार्रवाई

अवैध कॉलोनाइजरों पर प्रशासन की ये कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने फिलहाल चिन्हित अवैध कॉलोनाइजरों के लेआउट तोड़े हैं। इसके बाद शहर के दूसरे मार्गों पर भी अभियान चलाते हुए अवैध कॉलोनाइजरों को चिन्हित किया जाएगा।

इनका कहना है...

- अवैध कॉलोनाइजरों पर प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शनिवार को 17 कॉलोनियों के अवैध ले-आउट हटाए गए हैं।

चंद्रप्रकाश राय

कमिश्नर, नगर निगम

Created On :   20 Oct 2024 4:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story