युवा किसान ने घर में फांसी लगाई

डिजिटल डेस्क, मोर्शी (अमरावती) । फसल बर्बादी तथा कर्ज से परेशान रिद्धपुर निवासी 42 वर्षीय युवा किसान ने घर में ही 7 जनवरी की रात फांसी लगा ली। घटना से शोक व्याप्त है। घटना की जानकारी 8 जनवरी की सुबह पता लगी। शिरखेड़ थाना क्षेत्र के रिद्धपुर निवासी विनोद मधुकर जामठे (42) 7 जनवरी को रोज की तरह खेत का काम निपटा कर थका हारा घर पर आया और फांसी लगा ली।
परिवार के बाकी सदस्य बाहर से आने के बाद घर का दरवाजा बंद दिखा और जब दरवाजा खोला तो विनोद फांसी पर लटका दिखा। खबर फैलते ही लोग विनोद जामठे के घर पहुंचे और घटना की सूचना शिरखेड़ थाने को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्शी उपजिला अस्पताल में भेज दिया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक किसान के परिवार में पत्नी, 1 पुत्र, 1 पुत्री है। उसने खेत की बुवाई के लिए बैंक ऑफ महाराष्ट्र से तीन लाख तक का ऋण लिया था। अत्याधिक बारिश होने से खेत में पानी घुसने से फसल बर्बाद हो गई। इसके बाद से वह चिंतित था। इसी चिंता में त्रस्त होकर विनोद ने 7 जनवरी की आधी रात को अपने घर में ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली ऐसी चर्चा है। युवा किसान की आत्महत्या से गांव में शोक व्याप्त है। रिद्धपुर में विनोद ke अंतिम संस्कार शोकाकुल माहौल में रिद्धापुर में किया गया। मोर्शी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   9 Jan 2023 4:07 PM IST