पुलिस बंदोबस्त में हुई पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। गड़चिरोली जिला पुलिस सिपाही भर्ती-2021 का 348 पुलिस कांस्टेबल पद के लिए रविवार 2 अप्रैल को गड़चिरोली पुलिस दल की ओर से लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा पुलिस की कड़ी बंदोबस्त में शांति से हुई। बता दें कि, गड़चिरोली पुलिस दल की ओर से 348 पुलिस कांस्टेबल पद के लिए मैदानी परीक्षा 6 से 17 जनवरी तक गड़चिरोली पुलिस मुख्यालय मैदान में लिया गया था। जिसमें 3 हजार 307 उम्मीदवार लिखित परीक्षा के लिए पात्र हुए थे। रविवार 2 अप्रैल को शहर के शिवाजी हाईस्कूल तथा साइंस कॉलेज गोकुलनगर गड़चिरोली, शिवाजी अंग्रेजी अकादमी स्कूल, गोकुलनगर गड़चिरोली, गवर्नमेंट साइंस कॉलेज, चामोर्शी रोड गड़चिरोली, शिवाजी कॉलेज, धानोरा रोड गड़चिरोली, महिला काॅलेज, चंद्रपुर रोड गड़चिरोली, फुले-आंबेडकर कॉलेज ऑफ सोशल वर्क, चंद्रपुर रोग गड़चिरोली इन 6 केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित कर पहला पेपर सुबह 8.30 बजे से 10 बजे तक और दूसरा पेपर सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक लिया गया। इसके लिए 700 से अधिक पुलिस अधिकारी व अमलदारों की देखरेख में शांति से पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा हुई।
Created On :   3 April 2023 2:34 PM IST