कुआं में गंदा पानी ना जाए इसके लिए मना करने पर महिला की जमकर पिटाई

डिजिटल डेस्क, पन्ना। कुआं में नहा रहे एक व्यक्ति को इस बात के लिए मना करने पर कि वह नीचे से नहाए और उसके नहाने का गंदा पानी कुएं में ना जाए इससे वह भडक़ उठा और मना करने वाली महिला का सिर फोड दिया। जिससे महिला लहूलुहान हो गई और उसे डायल १०० की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पटी मेंं भूधर नायक के पुश्तैनी मकान के पीछे उनका व्यक्तिगत कुआं बना हुआ है और उस कुयें के चारों तरफ से बाउंड्री वॉल भी है लेकिन गांव के कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री वॉल की दीवार को गिराकर कुएं से निस्तार के लिए पानी उपयोग कर रहे थे।
जब ग्राम पटी निवासी नारायण यादव पिता नत्थू यादव उम्र लगभग 50 वर्ष कुआं में नहा रहे थे तभी घर के अंदर से मंजू पति अखिलेश नायक उम्र 40 वर्ष निकली और कुएं में नहा रहे नारायण यादव को कहा कि वह कुएं के ऊपर से ना नहाए नीचे कुयें की जगत से नीचे उतरकर नहा लें। जिससे नहाने का गंदा पानी कुएं में ना जाए इतनी बात सुनकर नारायण यादव भडक़ उठे और एक डंडा हाथ में लेकर महिला के सिर पर वार कर दिया। जिससे महिला के सिर से खून बहने लगा। उसी समय उसका पुत्र पुनीत नायक आ गया और घटना की जानकारी तत्काल अपने परिजनों को दी तभी रजनी यादव और राज यादव भी वहां पर आकर विवाद करने लगे। घटना की जानकारी डायल १०० को दी गई। सूचना मिलते ही डायल १०० वाहन ग्राम पटी पहुंचा और वहां से घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर आए। महिला के सिर में लगभग 7 से 8 टांके आए हैं। कोतवाली पन्ना में तीन आरोपियों के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
Created On :   22 April 2023 11:56 AM IST