दुर्घटना में महिला पुलिस निरीक्षक की मौत, पांच गंभीर

डिजिटल डेस्क, वर्धा। तेज रफ्तार पुलिस वाहन सामने गुजर रहे ट्रक से टकराने के कारण हुए भीषण हादसे में महिला पुलिस निरीक्षक की जगह पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य चार पुलिस कर्मी समेत पांच लोग गंभीर रूप सेे घायल हुए। घटना शनिवार की सुबह 6.30 बजे के दौरान समृद्धि महामार्ग पर पांढरकवड़ा गांवके समीप हुई। पुलिस निरीक्षक नेहा चव्हाण सह मृतक का नाम हैं। वहीं सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुखविंद्रसिंह, मिठ्ठू जगड़ा, चालक शम्मी कुमार तथा आरोपी वैद्यनाथ शिंदे गंभीर रूप से घायल हुए है। उनपर सावंगी स्थित अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार हरियाणा राज्य के पंचकुला पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक नेहा चव्हाण के नेतृत्व में परभणी से आरोपी लेकर नागपुर में एचआर 03 जीवी 1782 क्रमांक के बोलेरो वाहन से जा रहे थे। इस दौरान शनिवार सुबह 6.30 बजे के दौरान समृद्धि महामार्ग पर पांढरकवड़ा गांव समीप एमएच 17 बीझेड 6577 क्रमांक का ट्रक टर्न हो रहा था। उक्त समय तेज गति से आ रहा पुलिस का वाहन सीधे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि, पुलिस का वाहन चकनाचुर हो गया। इस हादसे में पुलिस निरीक्षक नेहा चव्हाण की जगह पर ही मौत हो गई। वहीं सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुखविंद्रसिहं, मिठ्ठू जगड़ा, चालक शम्मी कुमार तथा आरोपी वैद्यनाथ शिंदे सहित ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हुअा। हादसे की जानकारी मिलते सावंगी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जहां से घायलों को सावंगी अस्पताल में भेजा गया। वहीं पीएम के लिए शव भी भेजा गया। इस दौरान हादसाग्रस्त वाहन को किनारे कर यातायात सुचारू किया गया। उल्लेखनीय है कि, समृद्धि महामार्ग पर गत अनेक दिनों से हादसों का सिलसिला जारी है। जो रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं होने से नियमित ऐसे हादसे हो रहे है, जिसे रोकने के लिए उचित कदम उठाने की जरूरत है।
Created On :   29 April 2023 7:33 PM IST