- Home
- /
- महिला किसान ने जला दी दो एकड़...
महिला किसान ने जला दी दो एकड़ क्षेत्र में लगी धान की फसल

डिजिटल डेस्क, सिहोरा (भंडारा)। तहसील में धान की फसल पर इन दिनों मावा, तुड़तुड़ा कीट-रोग का प्रकोप होकर बड़े पैमाने पर फसल बर्बाद होकर किसानों को भारी नुकसान सहना पड़ रहा है। इसी तरह तहसील के ग्राम वारपिंडकेपार निवासी महिला किसान श्यामकला गोमासे के दो एकड़ खेत में लगाई धान की फसल पर मावा, तुड़तुड़ा कीट-रोग ने हमला किया। जिससे हाथ आयी धान की फसल पूरी तरह नष्ट होकर बुआई, रोपाई का खर्च तो दूर कटाई का भी खर्च निकाल पाना मुश्किल हो गया है। इससे पूरी तरह हताश होकर महिला किसान ने अपने दो एकड़ क्षेत्र में लगी धान की फसल को आग लगा दी। जानकारी के अनुसार बपेरा जिला परिषद क्षेत्र के वारपिंडकेपार गांव मेंे बावनथडी नदी के किनारे महिला किसान श्यामकला गोमासे की खेती है। उसने दो एकड़ क्षेत्र में धान फसल की बुआई की थी। कृषि कार्य में बेटे का साथ होने से खेती करना आसान हुआ था। बुआई के बाद दवा का छिड़काव भी किया गया। किंतु हाथ में आनेवाली फसल पर मावा-तुड़तुड़ा रोग ने पूरी बर्बाद की। खेत परिसर में धान फसल के एवज में तनस दिखाई दे रही थी। ऐसे में कटाई का खर्च भी निकाल पाना मुश्किल हुआ था। इससे परेशान श्यामकला गोमासे ने खेत की खड़ी धान फसल को ही आग के हवाले किया। राज्य सरकार ने मावा-तुड़तुड़ा रोग से नुकसानग्रस्त किसानों को आर्थिक मदद देने की मांग स्थानीय किसानों ने की है। इस वर्ष तुमसर तहसील में अतिवृष्टि के कारण अनेक गांवों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और अभी मावा-तुड़तुड़ा रोग के प्रकोप से फसल उत्पादन भी कम हुआ है।
Created On :   26 Nov 2022 4:46 PM IST