केवलारी में आयोजित लाड़ली बहना महासम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज, कहा - प्रदेश में बहनों की जिंदगी बदलने का महाअभियान चला रहे

डिजिटल डेस्क, सिवनी। प्रदेश में बहनों की जिंदगी बदलने का महा अभियान चल रहा है। लाड़ली बहना सिर्फ योजना नहीं एक सामाजिक क्रांति है। मेरी बहनों को अब अपनी छोटी-मोटी जरूरतें पूरी करने के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना होगा। यह एक भाई का अपनी बहन के लिए उपहार है, जो उन्हें केवल रक्षाबंधन पर नहीं, पूरे वर्ष मिलता रहेगा। उक्त बात प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को केवलारी में आयोजित लाड़ली बहना महासम्मेलन में कही।
लाड़ली बहनों व लोगों से खचाखच भरे महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने महिलाओं व बेटियों से होने वाले भेदभाव को समाप्त करने का प्रण लिया और इसे पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा हूँ। पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई गई। आज प्रदेश में 44 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं। बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश में पंचायत और स्थानीय निर्वाचन में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप आज ग्राम पंचायतों से लेकर जिला पंचायतों तक मेरी बहनें सरकार चला रही हैं। जमीन, जायदाद बहनों के नाम से करने पर रजिस्ट्री शुल्क 1 प्रतिशत ही लिया जाता है। पुलिस और शिक्षकों की भर्ती में भी बेटियों को आरक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में गरीब बहनों की शादी सरकार करवाती है। संबल योजना में भी बहनों को लाभ दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 10 जून से पात्र लाड़ली बहनों के खाते में 1 हजार रुपए प्रतिमाह आने लगेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए चल रहे अभियान में मेरी बहनों का अपार जन-समर्थन मिल रहा है। आज भी यहां टेंट छोटा पड़ गया है। केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना जैसी योजना संचालित की हैं। यह योजना निश्चित रूप से प्रदेश की महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 129 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के पट्टे हितग्राहियों को वितरित किए। हितग्राहियों को अन्य योजनाओं में हितलाभ भी वितरित किया गया।
केवलारी क्षेत्र में पहुंचेगा माचागोरा का पानी
आयोजन में सबसे पहले संबोधित करते हुए केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह ने भीमगढ़ नहर के सीमेंटीकरण की बहुउद्देश्यीय परियोजना की स्वीकृति मिल जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक श्री पाल ने विधानसभा क्षेत्र की कई अन्य महत्वपूर्ण मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन के दौरान कहा कि सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। 10 गांव पीने का पानी पहुंचने से छूट गए हैं, उन सभी को जल जीवन मिशन में शामिल किया जाएगा। लाल माटी क्षेत्र में सिंचाई के पानी की व्यवस्था के लिए सर्वे कर समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने माचागोरा पेंच परियोजना का पानी भोमा, पिण्डरई, जोरावारी, कान्हीवाड़ा, माहुलझिर, समनापुर, मेहरापिपरिया सहित 23 गांवों तक लाने के लिए सर्वे कराने को भी मंजूरी प्रदान की। विधायक श्री पाल ने धनौरा में डिग्री कॉलेज खोलने, कान्हीवाड़ा को तहसील बनाने, छपारा में सिविल कोर्ट खोलने, पलारी को उप तहसील बनाने, केवलारी में पॉलीटेक्निक कॉलेज खोलने सहित अन्य मांगें भी मुख्यमंत्री से की।
मौसम बिगड़ा तो बोले सुरक्षित घर पहुंचे बहनें
मुख्यमंत्री ने दोपहर 02. 11 बजे बोलना प्रारंभ किया। वे 9 मिनट ही बोल पाए थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बंूदाबांदी शुरू हो गई। यह क्रम जारी रहा तो मुख्यमंत्री ने मौसम के तेवर देखते हुए कहा कि वे बोलना तो बहुत कुछ चाहते थे, लेकिन अपनी बात जल्द समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस जवानों से कहा कि पंडाल में पहुंचे ताकि किसी बहन को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बहने सुरक्षित अपने घर पहुंचें इसका ध्यान रखा जाए।
रैम्प पर घूम-घूम कर दिया भाषण
केवलारी में मुख्यमंत्री अलग अंदाज में नजर आए। अपने संबोधन के दौरान अचानक उन्होंने वायरलैस माइक थामा और मंच से पंडाल में बनाए गए रैम्प पर आ गए। उन्होंने रैम्प पर घूम-घूम कर लाड़ली बहनों को संबोधित किया।
पंडाल पसरा, मची अफरातफरी
मौसम बिगडऩे व तेज आंधी तूफान के चलते मुख्य पंडाल के सामने बनाए गए एक अन्य पंडाल का सबसे पीछे का हिस्सा पसर गया। मुख्यमंत्री का संबोधन खत्म होने के दो-तीन मिनट बाद ही लगभग 02.30 बजे हुई इस घटना में हालांकि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पंडाल नीचे की ओर झुक जाने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी।
3 घंटे लगा रहा जाम, फंसे रहे वाहन
आंधी-बारिश के चलते मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन जल्द पूरा कर दिया, जिसके बाद लोगों में वापस लौटने की होड़ सी दिखी। नैनपुर रोड़ पर जाम से वाहन घंटों फंसे रहे। सिवनी रोड पर भी जाम लग गया। सैकड़ों बस, चारपहिया आदि वाहन फंस गए। वाहनों की लगभग तीन किमी लंबी कतार लग गई। कोतवाली टीआई महादेव नागोतिया, लखनादौन टीआई मनोज गुप्ता ने अमले के साथ मशक्कत के बाद सिवनी रोड का जाम खुलवाया। लगभग तीन घंटे बाद आवाजाही सामान्य हो पाई।
स्कूटी सवार बहनों ने की मुख्यमंत्री के कारकेट की अगवानी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के केवलारी आगमन पर लाड़ली बहनों ने उनकी अगवानी की। 50 से अधिक संख्या में लाड़ली बहनों ने स्कूटी में सवार होकर मुख्यमंत्री के कारकेट को हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक पहुँचाया।
सुरक्षा के रहे तगड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन के चलते केवलारी को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बाहर से बुलाए गए बल को जगह-जगह तैनात किया गया था। आयोजन स्थल पर भी एक-एक व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से जांच कर भीतर प्रवेश दिया गया।
ये रहे मौजूद
समारोह में केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह, मण्डला जिले के विधायक देवीसिंह सैयाम, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, पूर्व विधायक कमल मर्सकोले, अशोक तेकाम, गजानंद पंचेश्वर, पूर्व नपा अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, सुनीता देवी सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर क्षितिज सिंघल, एसपी रामजी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीइओ निधि सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री को दोपहर 12:05 बजे आना था लेकिन वे लगभग 01:18 बजे हैलीपेड व 01.30 बजे मंच पर पहुंचे, लेकिन आयोजन स्थल पर लोग 10 बजे से ही आना शुरू हो गए थे। हेलीपेड में मुख्यमंत्री का प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक केवलारी राकेश पाल, विधायक सिवनी दिनेश राय मुनमुन, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे आदि ने स्वागत किया। दोपहर एक बजे तक मुख्य पंडाल और उसके अगल-बगल व सामने के पंडाल खचाखच भर गए थे।
मंच के बायीं ओर ऑर्केस्ट्रा की व्यवस्था की गई थी। कलाकारों ने 10 बजे से ही आकर्षक देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू कर दी थी जो मुख्यमंत्री के आने तक जारी रही। मंच पर आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, विधायक राकेश पाल, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने रैम्प पर शुरू से आखिर तक चलकर बहनों पर पुष्प वर्षा की।
Created On :   21 April 2023 2:53 PM IST