- Home
- /
- उत्तरप्रदेश: सपा संरक्षक मुलायम...
उत्तरप्रदेश: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबियत बिगड़ी, पेट संबंधी दिक्कतों के चलते अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबियत बिगड़ने के कारण लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें पेट में तकलीफ है। मेदांता अस्पताल के डायरेक्टर डॉक्टर राकेश कपूर ने बताया कि मुलायम सिंह को यहां अस्ताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत सामान्य है। मुलायम की तबीयत बिगड़ने के बाद उनसे मिलने उनके भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (PSPL) के संस्थापक शिवपाल यादव भी पहुंचे।
डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि मुलायम सिंह यादव को तकरीबन 5 दिनों से कब्ज की दिक्कत थी। इस कारण उन्हें बुधवार को मेदांता में भर्ती कराया गया था। एंडोस्कोपी के जरिए उनका उपचार किया गया है। इसके बाद अब उनकी स्थिति सामान्य है। शुक्रवार को अस्पताल से उनकी छुट्टी की जा सकती है। बता दें कि मुलायम सिंह यादव बढ़ती उम्र की वजह से आने वाली बीमारियों से पीड़ित हैं। इसके साथ ही उन्हें पेट की दिक्कतों के चलते कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
Created On :   7 May 2020 6:40 PM IST