बेलगाम पिकअप वाहन ने आठ श्रद्धालुओं को रौंदा, एक मृत

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/दमुआ। दमुआ थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर पैदल भूराभगत जा रहे श्रद्धालुओं को बेलगाम पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में आठ लोगों को गंभीर चोट आई है। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए दमुआ अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल लाते वक्त रास्ते में एक घायल की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि बैतूल के चिचोली, पातरी और आलमगढ़ से श्रद्धालुओं का जत्था महादेव मेले में शामिल होने निकला था। दमुआ में बस से उतरने के बाद श्रद्धालू पैदल भूराभगत जा रहे थे। दमुआ के नाथढाना मोड़ पर सिवनी से श्रद्धालुओं को लेकर भूराभगत जा रही पिकअप ने पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। टक्कर में आठ श्रद्धालुओं को गंभीर चोट आई थी। घायलों को दमुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रास्ते में आलमगढ़ निवासी ५५ वर्षीय सोमलाल पिता बिरजू इवने की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पिकअप की टक्कर से इन्हें आई चोट
बुधवार दोपहर हुए हादसे में सोमलाल इवने, अरविंद धुर्वे, मनकू इवने, चैन ङ्क्षसह धुर्वे, हर्ष धुर्वे, केसर धुर्वे, शंभू धुर्वे, बाला धुर्वे को गंभीर चोट आई थी। इनमें से सोमलाल, मनकू, केसर और अरविंद की हालत गंभीर थी। जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रास्ते में सोमलाल की मौत हो गई।
Created On :   16 Feb 2023 9:50 PM IST