- Home
- /
- 50 करोड़ रुपए का कर्ज दिलाने के नाम...
50 करोड़ रुपए का कर्ज दिलाने के नाम पर पूर्व मंत्री सहित दो लोगों को ठगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अकोला के एक पूर्व मंत्री गुलाबराव रामराव गावंडे और उनके दो मित्रों को 50 करोड़ रुपए का कर्ज दिलाने के नाम पर नागपुर के दो ठगों ने करीब 75 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपी प्रकाश कुकहास और सतीश आगरे ने गावंडे के दो मित्रों से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए कर्ज दिलाने के नाम पर लिया। कर्ज नहीं दिलाया, तो दोनों आरोपियों ने करीब 55 लाख रुपए वापस कर दिया। बाकि रकम देने में आनाकानी कर रहे थे, इसलिए दोनों आरोपियों के खिलाफ गुलाबराव गावंडे ने नंदनवन थाने में मामला दर्ज कराया। नंदनवन पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
तीन साल से संपर्क में था
पुलिस के अनुसार अकोला निवासी व पूर्व मंत्री गुलाबराव गावंडे का नागपुर में केडीके कॉलेज के पास खेती है। वह अपनी खेती पर ले-आउट डालने व बंगलाे बनाना चाहते थे। उनके पास प्रकाश कुकहास नामक व्यक्ति करीब दो तीन साल से आता-जाता था। प्रकाश को यह बात पता चली तब उसने गावंडे से कहा िक उसके संपर्क में कुछ लोग हैं, जो उन्हें करीब 50 करोड़ रुपए का कर्ज दिला सकते हैं। गावंडे उसके बहकावे में आ गए। गावंडे ने अपने मित्र अजीत धाकरे और दिलीप तुपकर से इस बारे में चर्चा की। उनके दोनों मित्रों ने गावंडे के कहने पर तीन साल पहले भी प्रकाश को कुछ लाख रुपए दिलवाया था। प्रकाश ने यह रकम उस समय वापस कर दी थी। प्रकाश उनके लिए भरोसेमंद व्यक्ति बन गया था। वह तीन साल से गुलाबराव के संपर्क में बना हुआ था। गुलाबराव के कहने पर उनके उक्त दोनाें मित्र फाइनेंस कंपनी से कर्ज लेने के लिए तैयार हो गए। तब प्रकाश ने कहा िक 50 करोड़ के कर्ज के लिए 2 प्रतिशत पहले देना होगा।
रुपए लौटाने में कर रहे थे आना-कानी
आरोपी प्रकाश कुकहास गुदुखा मिनार गवलीपुरा और उसके मित्र सतीश आगरे ने गुलाबराव गावंडे और उनके दो मित्रों से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए लिया। यह रकम गुलाबराव के कहने पर उनके दोनों मित्रों ने प्रकाश और उसके मित्र सतीश को दिया था। रकम लेने के बाद दोनों आरोपियों ने गुलाबराव और उनके मित्रों को ले-आउट डालने व बंगलो बनाने के लिए कोई फाइनेंस नहीं कराया। तब गुलाबराव ने प्रकाश और सतीश से पैसे वापस मांगे। सतीश और प्रकाश ने सवा करोड़ में से 55 लाख रुपए तो 1 अगस्त 2016 से 28 अप्रैल 2019 के दरमियान वापस कर दिए। बाकी 75 लाख रुपए देने में आनाकानी कर रहे थे। बार-बार रुपए वापस मांगने के बाद भी जब आरोपी प्रकाश और सतीश ने पैसे वापस नहीं किए| दोनों आरोपियों के खिलाफ नंदनवन थाने में रविवार को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Created On :   29 April 2019 3:06 PM IST