गड़चिरोली में समर्पित नक्सली सहित दो को मारी गोली

Two including dedicated Naxalites shot in Gadchiroli
गड़चिरोली में समर्पित नक्सली सहित दो को मारी गोली
आतंक गड़चिरोली में समर्पित नक्सली सहित दो को मारी गोली

डिजिटल डेस्क, एटापल्ली(गड़चिरोली)।  बंदूकधारी नक्सलियों ने 2 अलग-अलग स्थानों पर लोगों में दहशत निर्माण करते हुए एक आत्मसमर्पित नक्सली समेत एक ग्रामीण की बड़ी ही निर्ममता से हत्या कर दी। घटना को  अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने दोनों घटनास्थल पर पर्चे फेंककर मृतकों पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाया। मृतकों में एटापल्ली तहसील के गाेरगट्‌टा निवासी नवीन ऊर्फ अशोक पेका नरोटी (28) आैर झारेवाड़ा निवासी मंगेश हिचामी (27) का समावेश है। बता दें कि, बुधवार की दोपहर 2 बजे राज्य के नगर विकास मंत्री व जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने तहसील की सुरजागढ़ पहाड़ी पर पहुंचकर बेरोजगारों को लौह परियोजना के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे।

 समारोह के ठीक 12 घंटे के भीतर नक्सलियों ने दो हत्या की घटनाओं को अंजाम देने से क्षेत्र के ग्रामीणों में नक्सलियों की दहशत बनी हुई है। वहीं जिला पुलिस विभाग ने सी-60 कमांडोस को नक्सल खोज मुहिम अधिक तीव्र करने के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात दर्जनों की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने सर्वप्रथम जांभिया गट्‌टा पुलिस मदद केंद्र के तहत आने वाले ग्राम गोरगट्‌टा में प्रवेश किया। गांव के अशोक नरोटी के घर जाकर उसे बंधक बनाया और उसे गांव के मुख्य चौक में ले आए। यहां पर नक्सलियों ने अशोक पर पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाकर बंदूक की गोलियां दागकर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद अशोक का शव गोरगट्‌टा-गिलनगुड़ा मुख्य सड़क पर छोड़कर सभी नक्सली झारेवाड़ा की ओर रवाना हुए। पुलिस के अनुसार, अशोक ने 23 अप्रैल 2019 को जिला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। वह गट्‌टा नक्सल दलम में सदस्य के रूप में कार्यरत था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने ग्राम गोरगट्‌टा में निवासरत था, लेकिन नक्सलियों ने उसकी निर्ममता से हत्या कर दी। दूसरी घटना में नक्सलियों ने झारेवाड़ा गांव पहुंचकर मंगेश हिचामी को भी बंधक बनाया। उस पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसकी भी गोलियां दागकर निर्ममता से हत्या कर दी। मंगेश का शव झारेवाड़ा-गट्‌टा सड़क से बरामद किया गया। जांभिया गट्‌टा पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सलसेल) सोमय मुंडे ने क्षेत्र में नक्सल खोज अभियान और अधिक तीव्र करने के निर्देश जारी किए हैं। एक के बाद एक ऐसी 2 हत्याओं के कारण क्षेत्र के ग्रामीण दहशतजदा हैं। 

Created On :   15 April 2022 2:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story