- Home
- /
- 6 मंडी समितियों में व्यापारियों ने...
6 मंडी समितियों में व्यापारियों ने खरीदा 1 लाख 15 हजार क्विंटल कपास

डिजिटल डेस्क,वर्धा। इस बार जिले में खुले बाजार में कपास को संतोषजनक दाम मिल रहे हैं। इस कारण अनेक किसान अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कपास के माल को घर में जमा न करते हुए बाजार में बिक्री कर रहे हैं। जिले में अब तक 6 बाजार समिति अंतर्गत करीब 7 हजार 500 किसानों ने 1 लाख 15 हजार क्विंटल कपास निजी व्यापारियों को बेचा है। फिलहाल निजी व्यापारियों द्वारा कपास को औसतन 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक दाम दिए जा रहे हैं। बड़े पैमाने पर होती है कपास की बुआई विदर्भ में यवतमाल जिले के बाद वर्धा जिले कपास का उत्पादन लेने के लिए प्रसिद्ध है।
खरीफ मौसम में अन्य फसल के साथ कपास की बड़े पैमाने में बुआई की जाती है। कपास की फसल पर ही किसानों का पूरे वर्ष का आर्थिक नियोजन निर्भर रहता है। इस बार सितंबर माह में आई बारिश के कारण सोयाबीन सहित कपास की फसल का बड़ा नुकसान हुआ। इसके बाद बारिश रुकी तो किसानों के जान में जान आयी। सोयाबीन का उतारा भी संतोषजनक हुआ। दशहरे के मुहुर्त पर किसानों ने कपास चुनना शुरू किया। किसानों के घरों में कपास का माल आते ही निजी व्यापारियों ने कपास की खरीदी का शुभारंभ किया। निजी व्यापारियों द्वारा कपास को औसतन 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल दाम देकर कपास की खरीदी का श्रीगणेश किया।
मिल रहे अच्छे दाम : गत वर्ष की तुलना में इस बार कपास को संतोषजनक दाम मिल रहे हैं। जिले के 6 बाजार समिति अंतर्गत अब तक आष्टी बाजार में 30 किसानों ने 1 हजार 850 क्विंटल कपास की बिक्री की। साथ ही पुलगांव बाजार में 1 हजार 357 किसानों ने 10 हजार 526 क्विंटल कपास, वर्धा बाजार में 1 हजर 252 किसानों ने 11 हजार 651 क्विंटल कपास, समुद्रपुर बाजार में 904 किसानों ने 11 हजार 735 क्विंटल कपास, सिंदी रेलवे बाजार में 180 किसानों ने 5 हजार 392 क्विंटल कपास, हिंगणघाट बाजार में 3 हजार 770 किसानों ने 69 हजार 245 क्विंटल कपास की बिक्री की है।
Created On :   9 Nov 2021 8:16 PM IST