तीन दिन में हजारों जवान देंगे फिजिकल टेस्ट

डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिले में करीब 5 साल बाद आज सोमवार से पुलिस भर्ती शुरू हुई है जो बुधवार 4 जनवरी तक चलेगी। शहर पुलिस के 41 पद के लिए 3 हजार से अधिक युवा पुलिस भर्ती की रेस में शामिल हैं। ऐसे में 1 पद के लिए करीब 73 युवा दौड़ेंगे। पुलिस भर्ती प्रक्रिया की तैयारी लगभग पूर्ण हो गई है। तीन दिन तक 3 हजार से अधिक जवान फिजिकल जांच में शामिल होने के लिए शहर पहंुचेंगे। व्यवस्था के नियोजन हेतु शहर पुलिस विभाग ने विशेष पुलिस बंदोबस्त लगाया है।
युवाओं में पुलिस में भर्ती होने का सपना होता है, जिसके लिए कई युवा वर्षों से दिन-रात मैदान पर मेहनत कर रहे थे। अब सपने को साकार करने के लिए परीक्षा देने की घड़ी आ गई है। अमरावती शहर पुलिस के 41 पद के लिए राज्य के विविध क्षेत्र से 3 हजार से अधिक जवानों ने आवेदन किया है। वहीं पुलिस विभाग द्वारा मुख्यालय के मैदान व विद्यापीठ के मैदान पर पुलिस भर्ती की तैयारी पूर्ण की गई है। सोमवार 2 जनवरी से बुधवार 4 जनवरी तक तीन दिन तक पुलिस भर्ती की प्रक्रिया चलेगी। पहले दिन 500 से 600 जवानों को प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 6 बजे से फिजिकल जांच प्रक्रिया शुरू होगी। जिसमें गोला फेंक, दौड़, लंबी कूद आदि प्रक्रिया जवानों से करवाई जाएगी। विशेष तौर से इस भर्ती में किसी भी प्रकार की खामियां व गलतियां न हों, इसलिए मैदान पर चारों ओर सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में भर्ती ली जाएगी।
Created On :   2 Jan 2023 4:09 PM IST