- Home
- /
- ग्रंथोत्सव में दुकानें लगाने नहीं...
ग्रंथोत्सव में दुकानें लगाने नहीं मिली जगह

डिजिटल डेस्क, यवतमाल | जिलास्तरीय ग्रंथ महोत्सव 2022 आर्णी मार्ग पर अभ्यंकर कन्याशाला परिसर में आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय महोत्सव के आयोजन को लेकर काफी तैयारी की गई थी। इसके अनुसार बड़ी संख्या में लोग इस महोत्सव में पहुंचने पर उनके बैठने के लिए पंडाल से लेकर भोजन आदि का प्रबंध किया गया था। इस बीच ग्रंथोत्सव के लिए सातारा, रायगढ़ जिले से भी कुछ किताब विक्रेताओं को निमंत्रित किया गया था। इतनी दूर से आने के बाद भी इन लोगों को महोत्सव में स्टॉल नहीं मिला और खुले आसमान के नीचे उन्हंे स्टॉल लगाने पड़े। पुस्तक प्रकाशन संस्था या किताब विक्रेताओं को लेकर ग्रंथोत्सव के आयोजन में कमी की शिकायतें मिलीं। वहीं स्टॉल के लिए आवेदन करने पर भी स्टाॅल नहीं मिलने से ग्रंथोत्सव के आयोजक जिला ग्रंथालय अधिकारी राजेंद्र कोरे के साथ कुछ लोगों की बहस भी हुई। ग्रंथोत्सव के आयोजन की जानकारी सभी शाला महाविद्यालय तक नहीं पहुंचने से भी यहां पहले दिन पाठक, विद्यार्थी कम संख्या में पहुंचे। इसके पीछे दूसरी वजह शुक्रवार को कामकाज का दिन होना भी बताया जा रहा है। अधिकांश शालाएं सुबह के समय होने के कारण विद्यार्थियों पाठकों का प्रतिसाद मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग से जुड़े कुछ अधिकारी, शाला महाविद्यालय के प्राचार्य आदि भी इस उत्सव से दूरी बनाते दिखाई दिए।
Created On :   17 Dec 2022 6:29 PM IST