- Home
- /
- हाईवे पर पेड़ों को पानी दे रहे मजदूर...
हाईवे पर पेड़ों को पानी दे रहे मजदूर को ट्रक ने कुचला

डिजिटल डेस्क, लाखनी (भंडारा)। स्थानीय साकोली-लाखनी राष्ट्रीय महामार्ग पर पिपलगांव/स. के पास डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी दे रहे मजदूर को ट्रक ने कुचल दिया। जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम ग्राम खैरी निवासी अतुल हरिभाऊ झिंगरे (27) था। वह अशोका बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मजदूर के तौर पर काम कर रहा था। यह दुर्घटना पिपलगांव/स. के बैलों के पट मैदान के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही लाखनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। बताया गया है कि अतुल अविवाहित था। उसे वृध्द माता-पिता है। घर के कमाने वाले बेटे की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राेजाना की तरह अतुल झिंगरे तीन से चार मजदूरों के साथ मिलकर राष्ट्रीय महामार्ग पर डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी दे रहा था। इस बीच पिपलगांव/स. के बैलों के पट मैदान के पास डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी देने का काम कर रहा था। इस दौरान वह ट्रैक्टर क्रमांक एमएच 36 डी 8092 में रखा पानी पीने के लिए गया था। तभी लाखनी से साकोली की दिशा में जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 08 एल 0829 ने बैरिकेड्स को तोड़कर ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की चपेट में आए गंभीर रूप से घायल अतुल का अधिक खून बहने से उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी लाखनी पुलिस को दी गई। पश्चात पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाखनी के ग्रामीण अस्पताल में भेज दिया। इस मामले में लाखनी पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच पुलिस कर रही है।
Created On :   24 Dec 2022 6:35 PM IST