- Home
- /
- मोदी के खिलाफ जितने दल एकजुट होंगे,...
मोदी के खिलाफ जितने दल एकजुट होंगे, उन्हें उतना ही फायदा होगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जितने नेता और दल एकजुट होंगे, उन्हें उतना ही फायदा होगा और 2024 में भी वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में मोदी सरकार के खिलाफ 19 विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री आठवले ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जितने भी विरोधी एकजुट होंगे, उसका फायदा मोदी जी को ही होगा। विरोधी दलों को कोई फायदा नहीं होगा। क्योंकि विरोधी दलों के पास प्रधानमंत्री पद के अनेक दावेदार हैं। प्रधानमंत्री पद के लिए एक नाम पर किसी की सहमति नहीं होगी तो एकजुटता फेल होगी।
रामदास आठवले ने अफगानिस्तान प्रकरण पर भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तालिबान एक आतंकवादी संगठन है। 20 साल से अफगानिस्तान पर कब्जा कर लेना चाहता था। अब जाकर गुंडागर्दी करके कब्जा लिया है। तालिबान ने सत्ता हाथ में ले ली है। अफगानिस्तान की जनता एक दिन विद्रोह करेगी और तालिबान को भगा देगी। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ महाराष्ट्र में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान हुए मुकदमे पर प्रतिक्रिया देते हुए आठवले ने कहा नारायण राणे को मोदी सरकार में बड़ा पद मिला है। एमएसएमई जैसा मंत्रालय मिला है। उनकी जन आशीर्वाद यात्रा को अच्छा रेस्पांस मिला है, लेकिन नारायण राणे के खिलाफ केस करना अच्छी बात नही है। 59 थानों में केस दर्ज करना अच्छी बात नहीं है।
Created On :   21 Aug 2021 8:31 PM IST