चार किमी दूर कन्हरगांव में पुलिया के नीचे मिला मृतका का सिर

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। खमारपानी चौकी के ग्राम गढ़ेवानी से आमाझिरी मार्ग पर बुधवार को एक महिला की सिर कटी लाश मिली थी। मृतका का सिर गुरुवार को घटनास्थल से लगभग चार किमी दूर कन्हरगांव के समीप पुलिया की नीचे दुपट्टे में लपटा मिला। मृतका की पहचान उसकी मां ने किया है। हत्या प्रेम संबंधों के चलते होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने बताया कि गढ़ेवानी से आमाझिरी जाने वाले मार्ग से लगभग ५० मीटर दूरी पर एक महिला का शव मिला था। तलाश के दौरान मृतका का सिर कन्हरगांव के समीप पुलिया के नीचे मिला है। मृतका की पहचान ममता के रूप में हुई है। ममता की हत्या के संदेह में कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। चौकी प्रभारी पूनम उईके के मुताबिक संदेहियों को राउंडअप किया गया है, जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
प्रेम संबंधों के चलते हत्या का संदेह...
पुलिस सूत्रों की माने तो सात साल पहले महिला की शादी हो चुकी थी। शादी के लगभग छह माह बाद ही महिला अपने पति को छोडक़र मायके आकर रहने लगी थी। इसी बीच एक युवक से उसके प्रेम संबंध बन गए थे। दोनों जिले से बाहर जाकर मजदूरी करने लगे थे। समाज अलग होने और महिला द्वारा शादी का दबाव बनाने पर युवक अब महिला से पीछा छुड़ाना चाहता था। पिछले दिनों युवक अपनी बहन की शादी में घर लौटा था। महिला भी अपने मायके आ गई थी। युवक ने महिला को शादी में ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया और अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने आरोपियों ने सिर काटकर पुलिया के नीचे छिपा दिया था। हालांकि अंधे हत्याकांड का अधिकृत खुलासा नहीं किया गया है।
Created On :   7 April 2023 2:12 PM IST