- Home
- /
- निष्पक्ष जांच की मांग लेकर भाजपाई...
निष्पक्ष जांच की मांग लेकर भाजपाई धरने पर बैठे, एसपी की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। मेघासिवनी में शुक्रवार रात पूर्व सरपंच पति और वर्तमान सरपंच के बेटे के बीच चुनावी रंजिश के चलते विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में पथराव भी हुआ। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। विवाद में पूर्व सरपंच के पति के पक्ष में भाजपा जिलाध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरमटेकड़ी चौकी पहुंचकर धरना दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग थी कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी एसपी विनायक वर्मा मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद मामला शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक पूर्व सरपंच पति अविनाश पिता शंभूलाल उसरेठे और वर्तमान सरपंच के बेटे नितिन डेहरिया के बीच शुक्रवार रात विवाद हो गया। नितिन और उसके साथियों ने अविनाश के घर पहुंचकर लाठीबाजी भी की थी। दोनों पक्षों में पथराव की स्थिति भी बनी। अविनाश की शिकायत पर पुलिस ने नितिन डेहरिया, शिवदयाल डेहरिया, रामकुमार वंशकार और अर्जुन वंशकार के खिलाफ धारा २९४, ३२३, ४२७, ५०६,३४ के तहत मामला दर्ज किया था।
रात १२.३० बजे चौकी में धरने पर बैठे भाजपा जिला अध्यक्ष-
शुक्रवार रात लगभग १२.३० बजे भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू समेत भाजपा कार्यकर्ता धरमटेकड़ी चौकी पहुंचे और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए रात लगभग तीन बजे तक धरना प्रदर्शन जारी रहा। मामले की सूचना मिलने पर प्रभारी एसपी विनायक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रकरण में निष्पक्ष और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
Created On :   13 Nov 2022 4:35 PM IST