तेल्हारा का स्वास्थ्य केंद्र 10 सालों से है बंद, लोग परेशान

डिजिटल डेस्क, तेल्हारा (बुलढाणा)। इमारत की खस्ताहाल की वजह बताते हुए बीते दस सालों से स्वास्थ्य केंद्र बंद कर दिया गया था। लेकिन अब स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई इमारत भी बनाई गई है। इमारत उद्घाटन 6 माह पहले ही हो चुका है। फिर भी यह स्वास्थ्य केंद्र अब तक नहीं शुरू हुआ है। तेल्हारा तहासील के उकली बाजार स्थित स्वास्थ्य केंद्र की ओर संबंधित विभाग की अनदेखी हो रही है। जिससे इस परिसर के हजारों मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। यह स्वास्थ्य केंद्र कब शुरू होगा, ऐसा सवाल इस परिसर की जनता की ओर से हो रही है। तेल्हारा तहसील की सरकारी स्वास्थ्य सेवा का बंटाधार होते हुए नजर आ रहा है। क्योंकि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को सही ढंग से स्वास्थ्य सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उसी श्रेणी में तहसील के उकली बाजार स्वास्थ्य केंद्र को भी देखा जा रहा है। क्योंकि दस साल से बंद पड़ा यहां का प्राथमिक स्वास्थ केंद्र अब तक मरीजों की सेवा में नहीं शुरू हो पाया है। यहां के लोगों का कहना है कि उकली बाजार का स्वास्थ्य केंद्र बीते 10 सालों से बंद है। केंद्र की इमारत की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए ऐहतियात के तौर पर इस केंद्र को बंद रखा गया। दूसरी ओर कई साल बीत जाने के बाद इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई इमारत का निर्माण किया है। जिला परिषद प्रशासन ने इमारत के लिए निधि मंजूर किया और अब इमारत का काम भी पूरा हो गया है। इस नए इमारत का उद्घाटन भी किया गया है लेकिन फिर भी इस स्वास्थ्य केंद्र को शुरू करने का मुहूर्त नहीं मिल पाया है। इस स्वास्थ्य केंद्र में अब तक स्वास्थ्य जांच से संबंधित तकनीकी सामग्री, आवश्यक स्वास्थ्य कर्मचारी, अधिकारी स्टाफ भी उपलब्द नहीं किया गया है। लिहाजा यह स्वास्थ्य केद्र अब तक शुरू नहीं हो पाया है। जिससे स्वास्थ्य सुविधा से वंचित जनता में असंतोष व्यक्त किया जा रहा है। यह स्वास्थ्य सेवाकेंद्र तुरंत शुरू करने की मांग हो रही है।
Created On :   7 Feb 2023 5:43 PM IST