घरेलू उड़ान में सोना तस्करी, पेस्ट फॉर्म में लाया था सोना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कस्टम विभाग ने मंगलवार सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर नागपुर एयरपोर्ट पर अब्दुल रकीब को 1.23 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया। सोना पेस्ट फॉर्म में था। वह मुंबई से गो फर्स्ट की फ्लाइट से नागपुर पहुंचा था। संभवत: पहली बार डोमेस्टिक फ्लाइट में सोना तस्कर मिला है। जब्त सोने की कीमत करीब 69 लाख रुपए बताई गई है।
बचने की रणनीति : कस्टम्स आयुक्त अभय कुमार ने बताया कि डोमेस्टिक फ्लाइट मे सोना तस्करी का यह पहला मामला है। इंटरनेशनल के साथ ही डोमेस्टिक फ्लाइट पर भी कस्टम्स अधिकारियों की नजर है। आरोपी कैरियर की भूमिका में है। विदेश से सोना लाने के बाद कस्टम से बचने डोमेस्टिक फ्लाइट का इस्तेमाल करने की यह रणनीति है। कई एयरलाइंस इंटरनेशनल व डोमेस्टिक दोनों प्रकार की सेवाएं देती हैं। इसके आकाआें तक पहुंचने की हमारी कोशिश है। सीआईएसएफ ने भी कार्रवाई में कस्टम्स को सहयोग किया। सीजीएसटी के मुख्य आयुक्त रामचंदर सांखला के मार्गदर्शन व कस्टम्स आयुक्त अभय कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अतिरिक्त आयुक्त पीयूष भाटी, अधीक्षक विजय सुंदर, दीपक सोनटक्के व अविनाश पराते शामिल थे।
जाल बिछाकर पकड़ा : मुंबई से नागपुर आने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट में सोना तस्कर के सफर करने की जानकारी कस्टम विभाग को मिली। कस्टम अधिकारियों ने मंगलवार सुबह नागपुर एयरपोर्ट पर जाल बिछाया आैर फ्लाइट से बाहर निकलते ही अब्दुल रकीब को हिरासत में ले लिया। जांच पड़ताल में पेस्ट फार्म में 1.23 किलो सोना मिला। यह दो हिस्सों में था। एक हिस्सा प्राइवेट पार्ट में व दूसरा हिस्सा शोल्डर के नीचे के हिस्से में छिपाया था। यह इंपोर्टेड सोना है। आरोपी के पास से तीन आधार कार्ड मिले। मूलत: कर्नाटक के भटकल का अ. रकीब मुंबई स्थित मीरा रोड की एक बस्ती में रहता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर वाशरुम में एक व्यक्ति मिला आैर उसने यह सोना नागपुर में एक व्यक्ति को देने को कहा। कस्टम विभाग को नागपुर में मिलने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिल गया है। फिलहाल मोबाइल बंद बताया जा रहा है।
रिजर्व बैंक को बेचा 5 करोड़ का सोना : कस्टम्स ने पिछले साल भारतीय रिजर्व बैंक को 5 करोड़ का सोना बेचा। आरोपियों से जब्त सोना कस्टम्स विभाग जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरबीआई को बेचती है। 10 किलो सोना बेचा गया था। इससे मिली राशि सरकार के पास जमा कर दी गई। कस्टम विभाग पिछले एक साल में डीआरआई की मदद से सोना तस्करी के 4 मामले पकड़ चुका है।
Created On :   11 Jan 2023 10:30 AM IST