शिंदे-फडणवीस सरकार दे रही रफ्तार: गोयल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रत्नागिरी के बारसू में प्रस्तावित ग्रीन रिफायनरी परियोजना को लेकर गरमाई राजनीति के बीच केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शिवसेना (उद्धव गुट) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे को फेल नेता करार दिया है। शनिवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वंसत स्मृति में पत्रकारों से बातचीत में गोयल ने कहा कि ये लोग विफल और नकारात्मक सोच के हैं। उनको जवाब देने के लिए हमारे पास समय नहीं है। वे महाविकास आघाडी (एमवीए) सरकार में ढाई वर्षों तक सत्ता में थे। उनके कार्यकाल में राज्य की पूरी विकास परियोजनाएं ठप पड़ गई थीं। यह दुर्भाग्यपूर्ण था कि एमवीए सरकार को केवल बयानबाजी के सहारे चलाने की कोशिश की गई थी। मगर अब शिंदे-फडणवीस सरकार में राज्य ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ लिया है।
मुंबई में दिख रहा काम
राज्य की सभी विकास परियोजनाओं को गति मिल गई है। पूरे मुंबई में काम की गति देखने को मिल रही है। शिंदे-फडणवीस सरकार राज्य के औद्योगिक विकास और आधारभूत ढांचे की परियोजनाओं के लिए बेहतर तरीके से काम कर रही है।
पीएम पर टिप्पणी-छोटी मानसिकता
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे पर निशाना साधा। श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने वाले लोग छोटी मानसिकता के हैं। ओछे बयान को प्रधानमंत्री नजरअंदाज करते हैं।
कई बार अपशब्द कहे
श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में कई बार लोगों ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्हें बुरा-भला कहा है। मोदी पर टिप्पणी करने वाले पूरी तरीके से अपने काम में विफल हो चुके हैं। कर्नाटक विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने प्रधानमंत्री पर विवादित टिप्पणी की थी।
Created On :   29 April 2023 7:03 PM IST