- Home
- /
- तेंदुए के हमले में चरवाहे की...
तेंदुए के हमले में चरवाहे की मृत्यु, बैल गंभीर जख्मी

डिजिटल डेस्क,सिरोंचा (गड़चिरोली)। तहसील मुख्यालय से 27 किमी दूर चित्तूर जंगल परिसर में नरभक्षी तेंदुए ने एक चरवाहे पर हमला बोल दिया, जिसमें उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। इसके बाद तेंदुए ने एब बैल पर भी हमला किया। लेकिन लोगों की मौजूदगी के कारण तेंदुआ बैल को अपना शिकार नहीं बना पाया। मृत चरवाहे का नाम पेंटीपाका निवासी मलय्या दुर्गम (50) है।
मिली जानकारी के अनुसार, हर दिन की तरह गुरुवार को भी मलय्या दुर्गम गांव की बकरियों को लेकर चित्तूर जंगल परिसर में गया। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के दौरान जंगलों में घात लगाए बैठे एक नरभक्षी तेंदुए ने अचानक मलय्या पर हमला बोल दिया, जिसमें उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। इस घटना के बाद तेंदुए ने एक बैल पर भी हमला किया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल परिसर में मौजूद लोगों द्वारा आवाज लगाने के बाद तेंदुआ जंगलों की ओर चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया। मलय्या का शव पोस्टमार्टम के लिए सिरोंचा के ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। मामले में मृतक चरवाहे के परिजनों को तत्काल आर्थिक मदद देने की मांग की गई है।
क्षेत्र में पहली बार नजर आया तेंदुआ
बता दें कि, सिरोंचा तहसील के चित्तूर क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में जंगल उपलब्ध है। गुरुवार को पहली बार ही किसी तेंदुए को इस परिसर में देखा गया। गड़चिरोली व देसाईगंज वनविभाग के जंगल परिसर में करीब 34 बाघों का विचरण आज भी है। वहीं आष्टी जंगल परिसर में नरभक्षी तेंदुआ माैजूद है। सिरोंचा क्षेत्र में पहुंचे इस तेंदुए ने क्षेत्र में अपनी दहशत फैला दी है। तेंदुए का तत्काल बंदोबस्त करने की मांग ग्रामीणों ने की है।
Created On :   29 Oct 2021 2:30 PM IST