हुक्का पार्लर पर छापा, युवक-युवतियां नशा करते पकड़ाए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अंबाझरी इलाके में चल रहे एक हुक्का पार्लर पर क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट-2 ने छापा मारकर प्रबंधक मनीष राजेश निनावे, भिलगांव, बुद्ध नगरी और उसके सहयोगी अजय किशोर सिंह, संजय गांधी नगर, अंबाझरी निवासी के खिलाफ धारा 4 (21), 5 (21) के तहत कार्रवाई की। छापे के दौरान हुक्का पार्लर में युवक और युवतियां भी पाए गए। उनमें कुछ धनाढ्य परिवार के थे।
संचालक बच निकले
गुप्त सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच के दस्ते ने लक्ष्मीकृपा बिल्डिंग, गोकुलपेठ में मिलेनियम एंड डॉलर कैफे में गत 19 फरवरी को छापा मारा। पार्लर में प्रबंधक मनीष निनावे और अजय सिंह को पकड़ा गया। यहां पर भाऊप्रतापसिंह, समित भांडे, योगेश जैन, भावेश जैन के टेबल पर हुक्का पॉट लगा हुआ था। इनके साथ युवतियां भी हुक्का पीने का मजा ले रही थीं। इस पार्लर का पहले नाम ऐस कैफे था। हुक्का पार्लर के संचालक करण चेलानी और निखिल दिनेश मुठेरी उर्फ अन्ना बताए जा रहे हैं। घटना के समय पुलिस इन दोनों की भी तलाश में थी, लेकिन बच निकले। इनके खिलाफ इसके पहले भी मामले दर्ज हैं। दोनों ने हाल ही में दाबो में एक युगल के साथ मारपीट की थी। मजे की बात यह है कि, अन्ना फरार होने के बाद भी हुक्का चार्लर संचालित हो रहा है। संबंधित थानों की पुलिस इन हुक्का पार्लरों पर कार्रवाई करने से कतरा रही है, इससे संबंधित थानों के पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
यह क्षेत्र हुक्का पार्लर का हब
सूत्रों के अनुसार इन दिनों सदर, बजाज नगर और अंबाझरी क्षेत्र हुक्का पार्लरों के हब बन गए हैं। सदर में हब, होब, कारनेशन, सीताबर्डी में गॉड फादर, बजाज नगर में हाउस ऑफ हेल्स, ओक वुड कैफे, अंबाझरी में 9 लाउंज, स्नूप एंड हूप, कोलोबा, डॉकीयार्ड कैफे आदि में हुक्का पार्लर संचालित किए जाने की चर्चा है। संबंधित थाने के डीबी स्क्वॉड को भले ही इन कैफे में चल रहे हुक्का पार्लरों के बारे में मालूम न हो, लेकिन क्राइम ब्रांच पुलिस ने अब हुक्का पार्लरों के खिलाफ कार्रवाई करने का बीड़ा उठा लिया है। कई हुक्का पार्लर के मालिकों ने अपने हुक्का पार्लरों का नाम तक बदल दिया है, ताकि पुलिस को कार्रवाई करने में कठिनाई हो।
Created On :   21 Feb 2023 2:34 PM IST