- Home
- /
- राइफल से छूटी गोली से पुलिस का जवान...
राइफल से छूटी गोली से पुलिस का जवान घायल

डिजिटल डेस्क,गड़चिरोली। जिला पुलिस विभाग द्वारा आरमोरी तहसील के ग्राम किटाली क्षेत्र में बनाए गये फायरिंग रेंज में राइफल की गोली छूटने से एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का नाम गड़चिरोली निवासी प्रशिक चन्नावार बताया गया है। घायल अवस्था में उसे नागपुर के ऑरेंज सिटी अस्पताल में भर्ती किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किटाली स्थित फायरिंग रेंज में सी-60 जवानों के साथ अन्य सुरक्षा बलों को फायरिंग के अलावा अन्य प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक चन्नावार भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त करने यहां पहुंचा था लेकिन रविवार 5 दिसंबर की शाम उन्हीं की राइफल से अचानक एक फायर हुआ और वह गोली उनके जबड़े से होते हुए सिर के बाहर निकल गयी। अन्य जवानों को गोली का अावाज सुनाई देते ही उन्होंने अपने वरिष्ठों को जानकारी दी, जिसके बाद गंभीर अवस्था में प्रशिक को नागपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। नागपुर अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मंगलवार को प्रशिक पर विभिन्न प्रकार की 8 सर्जरी की गयी है। वर्तमान में प्रशिक खतरे से बाहर होने की जानकारी भी अस्पताल प्रबंधन ने साझा की है। जबकि इस समूचे मामले की जांच मंे जिला पुलिस विभाग अब जुट गया है।
Created On :   8 Dec 2021 2:31 PM IST