- Home
- /
- पुलिस ने 26 नक्सलियों को किया ढेर, ...
पुलिस ने 26 नक्सलियों को किया ढेर, 4 जवान गंभीर, नक्सली सामग्री बरामद

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली । जिला पुलिस दल के सी-60 कमांडोज ने शनिवार को कोरची तहसील के गैरहपत्ती-कोटगुल क्षेत्र के ग्राम मरदिनटोला के जंगल परिसर में नक्सलियाें के एक बड़े शिविर को ध्वस्त कर दिया है। इस दौरान हुई भीषण मुठभेड़ में कुल 26 नक्सलियों के मार गिराया। कार्रवाई के बाद घटनास्थल से 100 से अधिक पिट्टू और अन्य सामग्री बरामद की है।गंभीर रूप से घायल 4 जवानों को नागपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल जवानों के नाम रवींद्र के. नैताम (42) , सर्वेश्वर डी. आत्राम (34) , महारू कोलु कुडमेथे (34) , टीकाराम संपत काटेंगे (41) है। घटना की पुष्टि जिला पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह सी-60 कमांडो का एक दल कोरची तहसील के गैरहपत्ती-कोटगुल क्षेत्र के मरदिनटोला जंगल परिसर में नक्सली खोज मुहिम पर तैनात था। इसी दौरान जवानों को जानकारी मिली कि, क्षेत्र में नक्सलियों का एक बड़ा शिविर शुरू है। पुलिस विभाग के आला-अधिकारियों के मार्गदर्शन में जवानों ने सर्चिंग अभियान को और अधिक तीव्र कर दिया। इसी बीच पुलिस जवानों की भनक लगते ही घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस जवानों ने भी नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख नक्सली घने जंगलों में फरार होने में कामयाब रहे। घटनास्थल से अब तक नक्सलियों के कुल 26 शव बरामद किये गये हैं। यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना भी है। इस दौरान बड़े पैमाने पर नक्सल सामग्री भी बरामद की गयी है। मुठभेड़ में सी-60 दल के कुल 3 जवान भी घायल बताए गए हैं। जिन्हें हेलिकाप्टर की मदद से नागपुर के अस्पताल रवाना किया गया है। समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल परिसर में पुलिस जवानों का सर्चिंग ऑपरेशन जारी होने की जानकारी मिली है।
150 से 200 की संख्या में थे नक्सली
मरदिनटोला जंगल परिसर में शुरू नक्सलियों के शिविर में करीब 150 से 200 की संख्या में बंदूकधारी नक्सली उपस्थित थे। शिविर के माध्यम से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नीति तैयार किये जाने की जानकारी मिली है। लेकिन पुलिस जवानों ने नक्सलियों की इस करतूत को नाकाम कर दिया।
बड़े कैडर के नक्सली मारे जाने की संभावना
चूंकि नक्सली शिविर में एकसाथ 200 की संख्या में नक्सली उपस्थित थे और मुठभेड़ में अब तक 26 नक्सलियों के शव बरामद हुए हंै, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है िक, मुठभेड़ में बड़े कैडर के नक्सली भी मारे गए हैं। इस घटना से नक्सली आंदोलन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है।
दिन भर चलती रही पवनहंस की उड़ान
शनिवार की सुबह जैसे ही सुरक्षाबलों ने नक्सली शिविर ध्वस्त किया, गड़चिरोली का पवनहंस नामक हेलिकाप्टर की उड़ानें भी शुरू हो गयी। करीब तीन से चार बार पवनहंस ने उड़ान भरी। अतिरिक्त जवानों को घटनास्थल की ओर रवाना करने के साथ घायल हुए जवानों को अस्पताल पहुंचाने में पवनहंस ने अहम भूमिका निभाई।
अब तक की बड़ी कार्रवाई
25 अप्रैल 2018 कसनासुर-बोरिया (एटापल्ली) 39 नक्सली ढेर
29 मार्च 2021 मालेवाड़ा जंगल (कुरखेड़ा) 5 नक्सली ढेर
28 अप्रैल 2021 गोरगट्टा जंगल (एटापल्ली) 2 नक्सली ढेर
13 मई 2021 मोरचुल जंगल (धानोरा) 2 नक्सली ढेर
21 मई 2021 पयड़ी जंगल (एटापल्ली) 13 नक्सली ढेर
Created On :   13 Nov 2021 7:22 PM IST