- Home
- /
- यमुना नदी में हरियाणा से आया है...
यमुना नदी में हरियाणा से आया है जहरीला पानी : गोपाल राय

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली । दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने आरोप लगाया कि यमुना में हरियाणा से जहरीला पानी आया है। भलस्वां झील पर छठ की तैयारी का जायजा लेते हुए उन्होने कहा कि दिल्ली में लगभग 800 जगहों पर छठ पूजा की सारी तैयारियां की जा चुकी हैं। उन्होने कहा कि दिल्ली में सभी छठ घाटों पर सफाई की जा चुकी है।
पर्यावरण मंत्री ने यमुना में छठ पूजा करने की जिद पर अड़ी भाजपा से कहा कि यहां पूजा करने की रोक उपराज्यपाल ने लगाई है। पुलिस और उपराज्यपाल उनके हैं। यदि उपराज्यपाल अनुमति दे रहे हैं और पुलिस उनके साथ खड़ी है, तो पूजा करने में दिक्कत क्या है? उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोक नहीं लगाई है। यमुना में प्रदूषण बढ़ने को लेकर गोपाल राय ने कहा कि हरियाणा से यमुना में जहरीला पानी आया है और हरियाणा में सरकार भाजपा की है। यह लोगों को दिख रहा है। उन्होने कहा कि भाजपा का काम राजनीति करना है और आम आदमी पार्टी की सरकार का काम छठ पूजा करना और कराना है।
Created On :   9 Nov 2021 6:54 PM IST