- Home
- /
- महंगाई कम करने रास्ते पर उतरे लोग,...
महंगाई कम करने रास्ते पर उतरे लोग, जगह-जगह प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। केंद्र सरकार ने दीपोत्सव से पूर्व पेट्रोल व डीजल की एक्साइज दरों को कम कर देशवासियों को दिलासा देने का कार्य किया है। राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार ने अब तक दर वृद्धि को नियंत्रित नहीं किया। सरकार की इस कार्यप्रणाली के विरोध में भाजपा के नेताओं ने सड़क पर उतरकर समूचे जिलेभर में प्रदर्शन किया। देसाईगंज से लेकर सिरोंचा तक सभी तहसील मुख्यालयों में आंदोलन किया गया। देसाईगंज में जहां विधायक कृष्णा गजबे के नेतृत्व में आंदोलन किया गया वहीं चामोर्शी में विधायक डा. देवराव होली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय तहसीलदारों के जरिए मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने बताया कि, केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 5 रुपए एक्साइज और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज कम किया है। इस कटौती के कारण देश के कुल 22 राज्यों में पेट्रोल व डीजल की दरें कम की गई, लेकिन अब तक महाराष्ट्र में यह दरें कम नहीं की गई। फलस्वरूप आज भी लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। इसके लिए राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपाइयों ने जमकर प्रदर्शन किया।
चामोर्शी में चल रहे आंदोलन के दौरान स्थानीय तहसीलदार शिकतोडे ने स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ज्ञापन स्वीकार किया। चामोर्शी के आंदोलन के दौरान महाविकास आघाड़ी सरकार के मंत्री नवाब मलिक का भी निषेध किया गया। आंदोलन में भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। वहीं जिला मुख्यालय के इंिदरा गांधी चौक में किए गए आंदोलन में नगराध्यक्ष योगीता पिपरे समेत दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का निषेध किया।
Created On :   13 Nov 2021 3:00 PM IST