खेत में रखा डेढ़ लाख का अनाज जलकर राख

डिजिटल डेस्क, अमरावती। पुरानी रंजिश को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खेत में रखे अनाज काे जानबूझकर आग लगाने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी तरह रविवार को सावलापुर के एक खेत में रखे डेढ़ लाख रुपए का अनाज जलकर राख हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक आसेगांव पूर्णा थाना क्षेत्र के सावलापुर में कैलास सुभाषराव सगणे का खेत है। रविवार की रात 9 बजे उनके खेत में अज्ञात आरोपी ने तुअर के ढेर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। घटना की जानकारी गांववासियों को व खेत मालिक कैलास सगणे को मिलते ही उन्होंने खेत की ओर दौड़ लगाई। तब तक सारा अनाज जलकर राख हो गया था। जिसकी कीमत डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। पश्चात मामला आसेगांव पूर्णा पुलिस थाने पहंुचा। कैलास सगणे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 435 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
Created On :   7 Feb 2023 6:16 PM IST