- Home
- /
- गड़चिरोली की सभी पंस पर अब प्रशासक...
गड़चिरोली की सभी पंस पर अब प्रशासक राज

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। जिले की सभी 12 पंचायत समिति के पदाधिकारियों का कार्यकाल रविवार 13 मार्च को समाप्त हुआ। अब तक पंस के चुनाव घोषित नहीं होने से राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही पंचायत समितियों पर प्रशासकों की नियुक्ति करने के निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों का पालन करते हुए जिलाधिकारी संजय मीणा ने सोमवार से जिले के सभी पंचायत समितियों का जिम्मा प्रशासकों पर सौंप दिया है। बता दें कि, िजले के गड़चिरोली, कोरची, कुरखेड़ा, देसाईगंज, आरमोरी, धानोरा, चामोर्शी, मुलचेरा, एटापल्ली, अहेरी, सिरोंचा और भामरागढ़ आदि पंचायत समितियों के लिए वर्ष 2017 में चुनाव हुए थे।
नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारियों ने 14 मार्च 2017 से अपना पदभार संभाला था। सभी पदाधिकारियों का कार्यकाल रविवार 13 मार्च को खत्म हो गया है। बावजूद इसके चुनाव आयोग ने अब तक पंस चुनाव की घोषणा नहीं की है, जिससे राज्य सरकार ने हाल ही मंे शुक्रवार को एक आदेश जारी करते हुए ऐसी पंस का जिम्मा प्रशासकों पर सौंपने के निर्देश जारी किए। इन्हीं निर्देशों का पालन करते हुए जिले की सभी पंचायत समितियों का जिम्मा अब प्रशासकों पर सौंपा गया है। संबंधित पंस के संवर्ग विकास अधिकारी अब प्रशासक के रूप में कार्य संभालेंगे। सोमवार, 14 मार्च से आगामी चार महीनों तक अथवा पदाधिकारियों के चुनाव होने के बाद उनके पदभार स्वीकारने तक अब प्रशासक ही पंचायत समितियों का कार्य संभालेंगे। ऐसा भी आदेश जिलाधिकारी संजय मीणा ने जारी किया है।
Created On :   15 March 2022 4:06 PM IST