- Home
- /
- धान खरीदी में धीमे परिवहन पर...
धान खरीदी में धीमे परिवहन पर परिवहनकर्ता को जारी होगा नोटिस

समर्थन मूल्य धान खरीदी केंद्र कुआं में किसानों से धान खरीदी के बाद समय पर परिवहन नहीं होने से खरीदी केंद्र प्रभारी को धान के इंतजाम में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र के निरीक्षण पर पहुंचे अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा को केंद्र प्रभारी ने धान की धीमी गति से होने वाली परेशानी से अवगत कराया। इस पर अपर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देशित किया कि वे परिवहनकर्ता को नोटिस जारी करें। उल्लेखनीय है कि धान का परिवहन कमजोर होने से भुगतान में किसानों को होने वाली परेशानी पर दैनिक भास्कर में प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी। अपर कलेक्टर ने ब्यौहारी अंचल के पपौंध व कुआं धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया।
खराब धान की तौल कराने पर प्रभारी को लगाई फटकार
धान खरीदी केंद्र कुआं में खराब धान की तौल करवाए जाने पर एडीएम ने केंद्र प्रभारी को जमकर फटकार लगाते हुए धान वापस करवाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब धान तौल के बाद मिलिंग में परेशानी होती है, इसका खामियाजा व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए धान तौल करवाने की बात कही।
Created On :   23 Dec 2022 5:22 PM IST