संसार में कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं: विजय कृष्ण व्यास जी

डिजिटल डेस्क, पन्ना। शहर के डायमंड चौराहे कृष्ण कुंज कॉलोनी में वन कर्मचारी संघ अध्यक्ष महीप रावत एवं रावत परिवार द्वारा कराई जा रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास पंडित विजय कृष्ण व्यास ने भगवान श्रीराम और श्री कृष्ण के जन्म एवं लीलाओं की कथा सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा व्यास विजय कृष्ण व्यास जी ने कहा कि परमात्मा ही परम सत्य है। जब हमारी वृत्ति परमात्मा में लगेगी तो संसार गायब हो जाएगा। प्रश्न यह है कि परमात्मा संसार में घुले-मिले हैं तो संसार का नाश होने पर भी परमात्मा का नाश क्यों नहीं होता। इसका उत्तर यही है कि भगवान संसार से जुड़े भी हैं और अलग भी हैं। आकाश में बादल रहता है और बादल के अंदर भी आकाश तत्व है। बादल के गायब होने पर भी आकाश गायब नहीं होता। इसी तरह संसार गायब होने पर भी परमात्मा गायब नहीं होते। संसार की कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं है। उनके द्वारा भगवान श्रीराम जन्म एवं श्री कृष्ण जन्म की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि कलयुग में भागवत की कथा सुनने मात्र से हर प्राणी को मोक्ष की प्राप्ति होती है साथ ही सभी जन्मों के पापों का नाश होता है। इसके साथ भगवान के बावन अवतार की कथा का बड़े ही मार्मिक वर्णन किया गया है। जन्मोत्सव प्रसंग के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। आज दिनांक 25 अप्रैल को भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया जायेगा। कथा शाम 4 बजे से हरी इच्छा तक चलेगी।
Created On :   25 April 2023 10:42 AM IST