- Home
- /
- नक्सलियों ने फूंके निर्माण कार्य...
नक्सलियों ने फूंके निर्माण कार्य में लगे पांच वाहन

डिजिटल डेस्क, एटापल्ली (गड़चिरोली)। तहसील के हालेवारा पुलिस मदद केंद्र के तहत आने वाले ग्राम मेंढरी निवासी एक व्यक्ति की नक्सलियों द्वारा शुक्रवार की देर रात निर्ममता से हत्या करने के बाद नक्सलियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने तहसील के दूरस्थ क्षेत्र समझे जाने वाले मवेली से मोहुर्ली की बीच बन रही सड़क निर्माणकार्य स्थल पर पहुंचकर एक के बाद एक ऐसे कुल 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। यहां मौजूद कुछ मजदूरों की नक्सलियों ने पिटाई भी की। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने सड़क निर्माणकार्य बंद करने की चेतावनी भी दी। इस आगजनी में हैदराबाद की वीसीपीएल नामक निर्माणकार्य कंपनी को करोड़ों रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से हाल ही में तहसील के ग्राम मवेली से मोहुर्ली की बीच एक सड़क मंजूर की गयी। निविदा प्रक्रिया चलाने के बाद यह कार्य हैदराबाद की वल्लभभानी कन्स्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी को प्रदान किया गया। पिछले एक सप्ताह से सड़क का निर्माणकार्य जारी था। इसी बीच रविवार की देर रात 20 से 25 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने मवेली गांव से सटे एक मैदान में रखे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी में 2 पोकलेन, 1 ट्रक, 1 ट्रैक्टर और एक ग्रेडर को डीजल डालकर आग के हवाले कर दिया। इस बीच नक्सलियों ने कुछ मजदूरों की पिटाई भी की। साथ ही यह निर्माणकार्य तत्काल बंद करने का आह्वान भी किया। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली घटनास्थल से फरार हो गये। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा का कार्य पूर्ण किया। शुक्रवार की रात इसी क्षेत्र के एक व्यक्ति की निर्ममता से हत्या के बाद नक्सलियों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम देने से क्षेत्र के नागरिकों में दहशत बनी हुई है।
Created On :   17 May 2022 3:05 PM IST