नागपुर में जल्द शुरू होगा कैंसर अस्पताल का काम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल परिसर में कैंसर अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। नागपुर सुधार प्रन्यास अस्पताल की इमारत का निर्माण डेढ़ साल में पूरा करेगा। विधान परिषद में राज्य के मेडिकल शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन ने यह आश्वासन दिया। भाजपा सदस्य प्रवीण दटके ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए कैंसर अस्पताल निर्माण का मुद्दा उठाया था। महाजन ने बताया नागपुर कैंसर अस्पताल व रिसर्च सेंटर के लिए 20 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। अगले दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद अस्पताल का निर्माण शुरू किया जाएगा। अस्पताल की इमारत का काम पूरा होने तक अस्थायी अस्पताल शुरू किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मशीनों की खरीदी के लिए 23 करोड़ 20 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। नागपुर में 100 बिस्तर का कैंसर अस्पताल खोलने की मंजूरी 6 मार्च 2019 को दी गई थी लेकिन अस्पताल की इमारत का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया था।
Created On :   17 March 2023 11:44 AM IST