हत्या... धारदार हथियार से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। लावाघोघरी के हीरावाड़ी में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला। अज्ञात आरोपियों द्वारा लाठी और धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारा गया है। युवक गुरुवार को भंडारे में शामिल होने घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह घर से महज सौ मीटर दूर खेत में युवक का शव रक्तरंजित हालत में मिला है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
टीआई रमजू उईके ने बताया कि हीरावाड़ी निवासी २६ वर्षीय राजू पिता भंगी डेहरिया गुरुवार रात घर से बस्ती में आयोजित हो रहे भंडारे में शामिल होने निकला था। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे उसके घर के पीछे लगभग सौ मीटर दूर राजू का शव मिला है। अज्ञात आरोपी ने लाठी और धारदार हथियार से हमला कर राजू की हत्या की है। परिजनों के बयान के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
गुप्तांग और सिर पर गंभीर चोट-
पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपियों ने धारदार हथियार से राजू के गुप्तांग, छाती पर वार किया है। सिर पर लाठी से चोट के निशान मिले है। राजू का शव जिला अस्पताल लाकर पीएम कराया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजू का चार दिन पूर्व कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उन्हें भी संदेही मानकर जांच की जा रही है।
Created On :   8 April 2023 3:19 PM IST