Video : पुलिस अधिकारी ने प्रवासी मजदूर के माथे पर लिखा, 'मैंने लॉकडाउन का उल्लंघन किया है'

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कोरोनावायरस से मुकाबला करने के लिए पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन है। इस बीच मध्य प्रदेश की एक पुलिस अधिकारी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उस अधिकारी ने एक प्रवासी मजदूर के माथे पर "मैंने लॉकडाउन का उल्लंघन किया है, मुझसे दूर रहना" लिख दिया। इस वीडियो के सामने आने के बाद अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा था अस्पताल
बता दें कि तीन मजदूर उत्तर प्रदेश से लौट रहे थे, इस दौरान उन्हें पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए स्वास्थ केंद्र भेज दिया। जब ये तीनों मजदूर डॉक्टर की प्रतीक्षा कर रहे थे, एक सीनियर इंस्पेक्टर ने उन्हें लॉकडाउन का उल्लंघन करने के लिए डांटा और एक लेबर के माथे पर लिख दिया। ये घटना छतरपुर जिले के गौरीहार पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई है। छतरपुर के एसपी कुमार सौरभ ने बताया कि पुलिस को इस तरह के व्यवहार में शामिल न होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएसआई को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
कांग्रेस ने किया वीडियो शेयर
इस मामले के सामने आने के बाद विपक्षी कांग्रेस ने पुलिस की आलोचना की है। पार्टी ने वीडियो क्लिप साझा करते हुए ट्वीट किया। कांग्रेस ने लिखा, "संवेदनहीन शिवराज सरकार: छतरपुर अपने घर वापस लौट रहे मजदूर के माथे पर मध्यप्रदेश पुलिस ने लिख दिया लॉकडाउन का उलंघन किया, मुझसे दूर रहना। शिवराज ने जनता को दो ही विकल्प दिये हैं, या तो कोरोना से मरो या फिर भूख से। शिवराज जी, आपने मज़दूर के नहीं, भारत माता के माथे पर लिखा है।
संवेदनहीन शिवराज सरकार:
— MP Congress (@INCMP) March 29, 2020
छतरपुर अपने घर वापस लौट रहे मजदूर के माथे पर मध्यप्रदेश पुलिस ने लिख दिया लॉकडाउन का उलंघन किया, मुझसे दूर रहना।
शिवराज ने जनता को दो ही विकल्प दिये हैं, या तो कोरोना से मरो या फिर भूख से।
शिवराज जी,
आपने मज़दूर के नहीं, भारत माता के माथे पर लिखा है। pic.twitter.com/msg7zSOPPO
Created On :   29 March 2020 4:50 PM IST