- Home
- /
- Coronavirus effect: महाराष्ट्र में...
Coronavirus effect: महाराष्ट्र में लगेगा लॉकडाउन ! मुख्यमंत्री उद्धव राज्य के नाम आज देंगे संबोधन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना वायरस संक्रमण के अचानक बढ़ते केस को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य में एक बार फिर लॉकडाउन लगने की संभावना है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज शाम 7 बजे राज्य के लोगों को संबोधित करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरान लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है। सीएम उद्धव ठाकरे का यह संबोधन इसलिए भी अहम है क्योंकि मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
महाराष्ट्र के मंत्री विजय वडेट्टीवार पहले ही बता चुके हैं कि नागपुर, अमरावती, यवतमाल जैसे जिलों में बढ़ते COVID-19 मामलों को देखते हुए राज्य सरकार इन जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने की सोच रही है। इस संबंध में सीएम की अध्यक्षता में बैठक होने वाली है जिसमें फैसला लिया जाना है।
पुणे में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसको देखते हुए यहां सभी स्कूल-कॉलेज को बंद कर दिया गया है। पुणे के संभागीय आयुक्त ने बताया कि रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक COVID19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए, आवश्यक सेवाओं में शामिल लोगों को छोड़कर किसी को भी आने- जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
असल में मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे कई लोगों का मानना है कि शायद कुछ चुनिंदा जगहों पर लॉकडाउन लागू कर दिया जाए। मुंबई, ठाणे, अमरावती, पुणे, नागपुर आदि इलाकों में हाल के दिनों में कोरोना के एक्टिव मामलों में वृद्धि देखी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी बताया है कि देश में कोरोना के सभी एक्टिव केस में से 74 फीसद केस महाराष्ट्र और केरल से हैं। यहां कोरोना से मौतें भी सबसे ज्यादा हुई हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना के 6,281 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 40 लोगों की मौत हुई है।
Created On :   21 Feb 2021 2:52 PM IST