- Home
- /
- मॉनसून पर ब्रेक के बाद नागपुर में...
मॉनसून पर ब्रेक के बाद नागपुर में हुई बूंदा-बांदी

- नागपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
डिजिटल डेस्क, नागपुर। रविवार सुबह से उपराजधानी में तेज धूप रही। लेकिन शाम 4 बजे के बाद तेज हवा चली और हल्की बूंदा-बांदी हुई। थोड़ी देर के लिए जोरदार बारिश हुई।इस दौरान फिजां में ठंडक घुल गई।

इससे पहले मानसून के ब्रेक के साथ ही शनिवार सुबह से तेज धूप, उमस और गर्मी के चलते बेचैनी महसूस की जा रही थी। उपराजधानी के आसमान पर छाए बादल धीरे-धीरे छंट रहे थे। इसके साथ ही गर्मी व उमस का जोर बढ़ने लगी थी। यही स्थिति शुक्रवार को भी रही। शुक्रवार को सुबह से ही धूप खिली रही, साथ ही नमी की अधिकता के चलते उमस की परेशानी भी रही। मौसम जानकारों के अनुसार विदर्भ में मानसून ब्रेक की स्थिति बन गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन के तापमान में हल्की सी बढ़त दर्ज की गई। रात का तापमान स्थिर बना रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य पर 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह 67 प्रतिशत तक बढ़ी आर्द्रता शाम होते होते 49 प्रतिशत तक उतर गई। जिले में जलाशयों की बात करें तो जून और जुलाई के लगभग आधे माह में स्थिति अभी भी बिकट बनी हुई है। मानसून के देरी से आने व पर्याप्त बारिश न होने से जलाशयों में जल संचय नहीं हो पाया है।
बारिश की यही स्थिति रही तो किसानों को इससे सबसे ज्यादा नुकसान होगा, जून में ठीक से बारिश न होने से पहले ही बुआई में विलंब हुआ है। पहले से ही यहां के किसान मानसून पूर्व बारिश में आई कमी का सामना कर रहे हैं, इसका असर फसल पैदावार पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में मानसून से पहले होने वाली बारिश में पिछले दो महीनों की तुलना में भी 30 फीसदी से अधिक की कमी देखी गई है। मौसम बदलाव का असर स्वास्थ्य पर भी देखा जा रही है।

बारिश होने के बाद मौसम सुहाना हो गया। कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई।

बारिश के वक्त दुपहिया से जा रहे लोग सड़क किनारे वाहन लगा रेनकोट पहनते नजर आए।
Created On :   13 July 2019 2:13 PM IST