- Home
- /
- Lockdown: महाराष्ट्र में तेज हुई...
Lockdown: महाराष्ट्र में तेज हुई कोरोना की रफ्तार, सरकार ने नाइट कर्फ्यू और वीकेंड लॉकडाउन का फैसला लिया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के फैलने की रफ्तार तेज होती जा रही है। इसके मद्देनजर महाराष्ट्र कैबिनेट ने नाइट कर्फ्यू और वीकेंड लॉकडाउन का फैसला लिया है। महाराष्ट्र में शाम 8 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। दिन के वक्त धारा 144 लगाई जाएगी। शनिवार और रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा अब रेस्टोरेंट को सिर्फ पार्सल सुविधा देने की छूट रहेगी। होटल और रेस्टोरेंट में बैठकर खाना प्रतिबंधित रहेगा। ऑफिस और कर्मचारियों को फिर से वर्क फ्रॉम होम मोड में कामकाज करना होगा। मॉल, सिनेमाघर को बंद किया जाएगा। कोरोना को लेकर विस्तार से नई गाइडलाइंस जल्द ही जारी होंगी।
महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में 93,249 नए कोरोना केस आए और 513 लोगों की जान चली गई है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 49,447 नए मामले सामने आए। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। वहीं संक्रमण से और 277 मरीजों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 55,656 पहुंच गई। राज्य में अब तक संक्रमित हुए रोगियों की कुल संख्या 29,53,523 हो गयी है। मुंबई शहर में कोविड-19 के 9,108 नए मामले सामने आए जो एक दिन में सबसे अधिक हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या राज्य में बढ़ कर 24,95,315 हो गई है। 4,01,172 एक्टिव मरीज हैं, जिनका इलाज जारी है।
Created On :   4 April 2021 6:22 PM IST