- Home
- /
- दिग्विजय सिंह ने BJP को बताया...
दिग्विजय सिंह ने BJP को बताया नालायक बेटा, नरोत्तम मिश्रा को दी संयम में रहने की हिदायत

डिजिटल डेस्क (भोपाल)। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह लगातार भाजपा पर गहरे प्रहार कर रहे हैं। कभी ज्योतिरादित्य सिंधिया, कभी पीएम मोदी, तो कभी सीएम शिवराज और अब नरोत्तम मिश्रा को खुली धमकी दे डाली। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मैं इतना कह देता हूं कि नरोत्तम मिश्रा आप संयम में रहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अगर आप इतना परेशान करेंगे तो फिर बाद में हम लोगों से मत कहिएगा। वे यह न समझे, यह कुर्सी उनकी हमेशा के लिए है। जिस दिन उतरेंगे पता लगेगा क्या हालात होते हैं।
इसके अलावा उन्होंने पिछले 24 घंटे में जो ट्वीट किए हैं उनमें भाजपा को नालायक बेटा तक कह डाला है। उन्होंने ट्वीट किया है कि, "भाजपा यही कर रही है। कांग्रेस ने जो शासकीय उपक्रम बनाए शासकीय सम्पत्ति छोड़ी वह सब भाजपा बेचने में लगे हैं। उसमें भी भाजपा अपनी निजी हिस्सेदारी रख रही है। देश में जो शासकीय उपक्रम बिक रहे हैं वह कौन ख़रीद रहा है व मप्र में कौन ख़रीद रहे हैं इस पर यदि रिसर्च करें तो पता लग जाएगा"। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि, "लायक़ बेटा अपनी पैत्रिक सम्पत्ति को बचा कर रखता है और उसमें वृद्धि करता है। नालायक बेटा अपनी पैत्रिक सम्पत्ति को बेच कर बर्बाद कर ऐश करता है"।
इसके पहले गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने गोहद में आयोजित एक सभा में कहा कि, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस ने इतने वर्षों तक महाराज बनाए रखा, उन्हें भाजपा ने एक साल में भाईसाबह बना दिया।
Created On :   19 March 2021 11:27 AM IST