- Home
- /
- Lockdown: भोपाल-इंदौर-उज्जैन में...
Lockdown: भोपाल-इंदौर-उज्जैन में बढ़ाया गया लॉकडाउन, 26 अप्रैल तक इमरजेंसी को छोड़कर सब कुछ बंद

डिजिटल डेस्क, भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना केस को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन की समय-सीमा को बढ़ा दिया है। क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि इंदौर, भोपाल, उज्जैन शहर में 26 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। वहीं, भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा है कि इस बार सख्ती ज्यादा रहेगी। बेवजह घरों से निकलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि केवल कोरोना से जुड़े लोगों के लिए ही आवागमन में विशेष रियायतें मिलेंगी। केवल शहर से बाहर आने-जाने वालों को छूट दी जाएगी। आज रात इसकी विस्तृत गाइड लाइन जारी कर दी जाएगी। मेडीकल, अस्पताल, नगर निगम, अधिमान्य पत्रकारों को आने-जाने की परमिशन होगी।
भोपाल में लगातार दूसरे दिन इंदौर के मुकाबले ज्यादा मरीज सामने आए। 24 घंटे के अंदर 1,669 नए केस आए और 6 लोगों की मौत हुई। हालांकि श्मशान घाटों पर 118 शव पहुंचे थे, जिनका कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, इंदौरा में 24 घंटे में 1,656 नए केस आए, जबकि 7 लोगों की जान गई। एक्टिव केस 10 हजार से ज्यादा हैं। यहां अब तक कुल 87,625 संक्रमित मिल चुके हैं और 1,040 लोगों की मौत हुई है। यहां लॉकडाउन 26 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है।
दुकानें खोलने की अनमुति
वैवाहिक सीजन को देखते हुए शादियों की खरीदी के लिए इस बार कुछ दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी जा सकती है। इसके तहत सुबह 8 से दोपहर 12 तक खरीदी के लिए दुकानें खुल सकेंगी। इस संबंध में जल्द ही जिला कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर दिया जाएगा।
Created On :   17 April 2021 4:49 PM IST