- Home
- /
- कोरोना का असर: बिहार में नीतीश...
कोरोना का असर: बिहार में नीतीश सरकार ने 25 मई तक बढ़ाया लॉकडाउन, संक्रमितों की संख्या में भी आई गिरावट

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की समय-सीमा को 25 मई तक बढ़ा दिया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को स्वयं इसकी जानकारी ट्वीट कर दी। बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले को कम करने पहले पांच मई से राज्यभर में लॉकडाउन लगाया गया था जिसकी अवधि 15 मई को समाप्त हो रही है। इसके बाद फिर से 10 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।
आज सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गयी। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अतः बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई, 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) May 13, 2021
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लोगों को लॉकडाउन के बढ़ाए जाने की जानकारी देते हुए लिखा, आज सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गयी। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अत: बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई, 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को 22 दिनों के बाद एक दिन में नए संक्रमितों की संख्या 10 हजार के नीचे आई थी। बुधवार को राज्य में 9,863 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है, जिससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 99,623 पहुंच गई है। राज्य का रिकवरी रेट भी बढकर 83.43 प्रतिशत दर्ज किया गया।
Created On :   13 May 2021 4:35 PM IST