- Home
- /
- बकरी का शिकार कर बाथरूम में घुसा...
बकरी का शिकार कर बाथरूम में घुसा तेंदुआ, नागरिक दहशत में

डिजिटल डेस्क, लाखांदुर (भंडारा)। तहसील के चिचगांव में एक तेंदुए ने बकरी काे अपना शिकार बनाया। इस दौरान नागरिकों द्वारा शोर मचाने पर तेंदुआ एक मकान के बाथरूम में घुस गया, जहां लगभग तीन घंटे तक बाथरूम में ही बंद रहा। इसकी जानकारी मिलते ही लाखांदुर में वनविभाग के कर्मचारी व पुलिस टीम ने पहुंचकर काफी मशक्कत कर बाथरूम में बंद तेंदुए को खदेड़ा गया। जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया। जानकारी के अनुसार लाखांदुर तहसील के चिचगांव में जंगल परिसर होने के कारण तेदुआ सहित अन्य वन्यजीवों का विचरण रहता है। ऐसे में जंगल से कुछ वन्यजीव रात्रि में शिकार की तलाश में गांव में घुस जाते हंै।
घटना के दिन भी एक तेंदुआ रात 7 बजे के करीब चिचगाव में घुस गया, इस समय पर तेंदुअे ने बलीराम दोनाडकर नामक किसान के तबेले में बांधकर रखी गई बकरी का शिकार कर दिया। शिकार करते समय परिवार सहित पड़ोसी ग्रामवासियों के इकठ्ठा होते ही घबराए हुए तेंदुआ खुद को बचाने के लिए सिताराम वटी नामक व्यक्ती के आवास के समीप बने बाथरूम में घुस गया। तेंदुए के बाथरूम में घुसने जानकारी ग्रामवासियों द्वारा लाखांदुर वन विभाग सहित पुलिस प्रशासन को दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन संरक्षक आर. पी. राठोड व वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश गावित के मार्गदर्शन में वन रक्षक एस. जी. खन्डागले, एम. ए. भेजे, बी. एस. पाटील, एम. एस.चांदेवार सहित पुलिस निरीक्षक रमाकांत कोकाटे, पुलिस उपनिरीक्षक संदीप ताराम, पुलिस अमलदार मनीष चव्हाण सहित अन्य पुलिस कर्मचारी घटना स्थल पर पहुचे। वन अधिकारी व पुलिस कर्मचारियों ने घटना स्थल पर जमा हुई नागरिकों की भीड़ को हटाया, भीड़ के हटते ही बाथरूम में कैद तेंदुए ने जंगल का रूख किया।
नागरिक रहें सतर्क
गत कुछ दिनों से तहसील के जंगल परिसर में मानव व वन्यजीव में हो रहे संघर्ष की घटनाओं का प्रमाण बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इस प्रकार की परिस्थिति में जंगल परिसर के नागरिकों से संघर्ष को टालने के लिए नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। - रूपेश गावित, वनपरिक्षेत्र अधिकारी, लाखांदुर
Created On :   18 Oct 2021 1:40 PM IST