- Home
- /
- खोखली घोषणाएं छोड़ें, सीधे कुछ कर...
खोखली घोषणाएं छोड़ें, सीधे कुछ कर दिखाएं

डिजिटल डेस्क, औरंगाबाद । मराठा समुदाय आज बस यह जानना चाहता है कि जो आरक्षण उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री ने किसी भी वर्ग के आरक्षण को प्रभावित किए बिना दिया था, उसका क्या हुआ? आप उसके लिए क्या कर रहे हैं? यह कितने समय में मिलेगा? उन्हें और परेशान कर उन पर सड़क पर उतरने की नौबत नहीं आने दें। अच्छा होगा कि खोखली घोषणाओं की तोपें दागना बंद कर सीधे काम करके दिखाएं। यह चेतावनी आज यहां छत्रपति संभाजी राजे ने मराठा क्रांति मोर्चा की 5वीं वर्षगांठ पर हर्सूल में आयोजित सम्मेलन में राज्य सरकार को दी। सम्मेलन में मराठा समन्वयकों ने सरकार के विरोध में बिगुल फूंकने का ऐलान किया।
समाज के लिए सभी नेता आएं साथ
संभाजी राजे ने कहा कि पूरे मराठा समुदाय की ओर से 58 शांतिपूर्ण रैलियां निकाले जाने के बाद भी उनकी मांगें लंबित हैं। इससे मराठा समुदाय नाराज है। मैंने मराठा समुदाय के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संसद में अकेले आवाज उठाई और आगे भी उठाता रहूंगा। उन्होंने नेताओं से अपील की कि कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस पार्टी से हैं, बस समुदाय के लिए एक साथ आ जाएं।
आरक्षण के लिए दूर रखें मतभेद
राजे ने कहा कि जब फडणवीस मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने मराठा समुदाय को बिना किसी अन्य आरक्षण को प्रभावित किए आरक्षण दिया। मौजूदा मुख्यमंत्री ठाकरे ने भी यही घोषणा की। अब वर्तमान परिस्थितियों में दोनों यह बताने; कि आरक्षण इसकी जिम्मेदारी, उसकी जिम्मेदारी, के बजाय सभी मतभेदों को एक तरफ रखकर अन्य समुदाय को ठेस पहुंचाए बिना, मराठा समुदाय को आरक्षण दिलाएं।
छात्रावास के उद्घाटन का क्या हुआ?
संभाजी राजे ने कहा कि मराठा आरक्षण समिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा था कि मराठा छात्रावास का उद्घाटन 14 और 15 अगस्त को होगा, पर कुछ हुआ नहीं। कोपर्डी कांड के आरोपियों को भी अभी तक फांसी नहीं दी गई है। समाज इस बात से नाराज है कि एक नहीं, बल्कि तमाम पूर्व सवाल आज भी कायम हैं। इसलिए, सरकार धैर्य की परीक्षा लिये बिना कार्य करे। सम्मेलन में ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के अभिनंदन, कोपर्डी के दोषियों को तुरंत फांसी देने, मराठा समुदाय को आरक्षण दिए जाने, एमपीएससी के रिक्त पद भरने, अण्णासाहब आर्थिक विकास निगम को धनराशि उपलब्ध कराने, 605 पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्ति दिए जाने आदि प्रस्ताव पारित किए गए।
Created On :   20 Aug 2021 12:46 PM IST