- Home
- /
- केजरीवाल 26 को जाएंगे अयोध्या,...
केजरीवाल 26 को जाएंगे अयोध्या, करेंगे रामलला का दर्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाने लगी है। आम आदमी पार्टी (आप) भी उत्तरप्रदेश में अपना दमखम दिखाने में जुट गई है। इस क्रम में आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 26 अक्टूबर को रामलला का दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक मुख्यमंत्री केजरीवाल अयोध्या में दीप जलाकर देश की सुख-शांति की कामना करेंगे।
दरअसल उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव पास आते ही राजनेताओं के अयोध्या जाने का सिलसिला तेज हो गया है। खुद को हनुमान भक्त कहने वाले अरविंद केजरीवाल की अयोध्या यात्रा को भी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके पहले आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह भी अयोध्या जाकर रामलला का दर्शन कर चुके हैं। बता दें कि उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरूआत में होने हैं।
Created On :   23 Oct 2021 8:28 PM IST