- Home
- /
- कृषि मंत्री के बिगड़े बोल कहा-...
कृषि मंत्री के बिगड़े बोल कहा- कमलनाथ सठिया गए हैं, वे हाय सत्ता, हाय सत्ता कर तड़प रहे

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। प्रदेश के कृषि विकास और किसान कल्याण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को लेकर असहज भाषा का उपयोग किया है। श्री पटेल ने कहा कि कमलनाथ सठिया गए हैं। सत्ता से जाने के बाद उन्होंने मानसिक संतुलन खो दिया है। जैसे पानी से मछली निकाल दो वैसे सत्ता जाने के बाद से तड़प रहे हैं। वे हाय सत्ता, हाय सत्ता कर तड़प रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कमलनाथ के मंच से अधिकारियों को सस्पेंड किए जाने को लेकर दिए गए बयान के जवाब में यहां सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा में यह बात कही।
श्री पटेल ने आरोप लगाया कि १५ महीने कमलनाथ ने सीधा मप्र को लूटने और भ्रष्टाचार करने के सिवाय कुछ नहीं किया, इसलिए लोग उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि हर सरकार का दायित्व है कि जो अच्छा काम करे उसकी पीठ थपथपाओं, उसे सम्मानित करो, प्रोत्साहित करो, इसलिए हम अच्छा काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान कर रहे हैं और जो गलत काम कर रहे हैं, जनता का शोषण कर रहे, भ्रष्टाचार कर रहे उन्हें दंडित कर रहे। तभी तो व्यवस्था सुधरेगी। इसलिए हम कार्रवाई कर रहे। प्रभारी मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। इन्हें भ्रष्टाचार और पैसा खाने के अलावा कुछ दिखता नहीं और हमारे लिए देश पहले, समाज फिर हम है। हमारी नीति और नीयत अच्छी इसलिए हम कार्रवाई कर रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का बखान किया। अभियान में प्रदेश में ८३ लाख आवेदन आए और हितग्राही को शत प्रतिशत लाभ मिला। छिंदवाड़ा प्रदेश में नंबर वन बना। आयुष्मान योजना देश की सबसे बड़ी योजना है। इसलिए उक्त योजना में जिन हितग्राहियों को लाभ नहीं मिल रहा अधिकारी लापरवाही कर रहे उन्हें दंडित कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने यहां पीजी कॉलेज में जनभागादारी समिति के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ नगरनिगम के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
Created On :   17 Dec 2022 5:41 PM IST