- Home
- /
- पुणे में दो कोरोना संक्रमित व...
पुणे में दो कोरोना संक्रमित व अमरावती में 2 संदिग्धों की मौत

डिजिटल डेस्क, पुणे /अमरावती। पुणे में कोरोना संक्रमित 2 मरीजों की मौत हो गई जबकि अमरावती में 2 संदिग्धों ने दम तोड़ दिया। पुणे में बुधवार को ससुन अस्पताल में इलाज ले रहे दो काेरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई। शहर में मृतकों का आंकड़ा 40 तक पहुंच चुका है। महापौर मुरलीधर मोहोल ने बताया कि बुधवार को मौत हुए दो मरीजों में एक 73 वर्ष के थे। उन्हें किडनी की बीमारी भी थी। 13 अप्रैल को उन्हें ससुन अस्पताल मंे भर्ती कराया गया था। जबकि दूसरे मरीज की उम्र 34 थी। उसे मोटापा के कारण तकलीफें थी। उसे मंगलवार को ही ससुन अस्पताल मंे भर्ती कराया गया था। उक्त दोनों मरीजों के परिवारवालों को क्वारंटाइन किया गया है। दोनों जिन इलाकों में रह रहे थे उन इलाकों को भी सील किया गया है। पुणे मंे बढ़ता संक्रमित मरीजों की संख्या मंे आए दिन इजाफा हो रहा है। बुधवार को 44 नए मरीज पाए गए हैं। इस से शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है।
अमरावती में दो संदिग्धों की मृत्यु
इसी तरह अमरावती शहर के सुपर स्पेशालिटी) में स्थापित कोविड-19 अस्पताल में बुधवार 15 अप्रैल को दो संदिग्धों की मृत्यु होने की खबर मिली है। हालांकि दोनों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे लेकिन केवल सतर्कता के तौर पर दोनों मरीजों को कोविड-19 कक्ष में दाखिल करवाया गया था, इस आशय की जानकारी जिला प्रशासन ने दी है। कोरोना के कोई भी लक्षण न होते हुए भी दोनों के थ्रोट स्वैब के नमूने नागपुर भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट का प्रशासन को इंतजार है। दोनों में से एक व्यक्ति हैदरपुरा का निवासी था। उसकी हृदयाघात से तथा दूसरे व्यक्ति की मधुमेह से मृत्यु होने की जानकारी चिकित्सकों ने दी है। इसके बावजूद पूरी ऐहतियात बरतते हुए प्रशासन के दिशानिर्देशों के अनुसार ही दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
Created On :   15 April 2020 8:27 PM IST