अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर मथुरा में रहा हाई अलर्ट, ब्रज में जश्न का माहौल

डिजिटल डेस्क, मथुरा। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन पर मथुरा के लोगों ने भी खुशी मनाई। इस मौके पर पूरे जनपद में हाई अलर्ट रहा। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री द्वारा भूमि पूजन किए जाने को लेकर मथुरा में पूरी तरह हाई अलर्ट रहा।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 24 घंटे पूर्व ही जिले की सीमाओं को सील कर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी शुरू कर दी थी। शहर और देहात में सभी संदिग्ध एवं संवेदनशील स्थानों व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पीएसी और आरएएफ को लगाया गया। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने जिले में पूरी तरह से शांति बने रहने तथा किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध गतिविधि न पाए जाने की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी पर्व एवं स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यह सतर्कता लगातार बनी रहेगी और जनपद को किसी भी अप्रिय घटना से बचाए रखने के लिए अभियान पूरी सजगता के साथ जारी रहेगा। दूसरी ओर, ब्रजवासियों ने इस अवसर पर घर-घर उल्लास मनाया गया और घरों में दीपक जलाए।
Created On :   5 Aug 2020 9:14 PM IST