- Home
- /
- गड़चिरोली के गांवों में घूम रहा...
गड़चिरोली के गांवों में घूम रहा हाथियों का झुंड, फसलें कर रहा बर्बाद

डिजिटल डेस्क, देसाईगंज (गड़चिरोली)। ओड़िसा राज्य से गड़चिरोली जिले में दाखिल हुए जंगली हाथियों का झुंड देसाईगंज तहसील के विभिन्न गांवों से मार्गक्रमण कर रहा है। रविवार की रात हाथियों ने तहसील के विहिरगांव-आरमोरी मार्ग पर स्थित चिखली रिठ जंगल के कक्ष क्रमांक 83 वे 84 में प्रवेश करते हुए करीब पांच किसानों के खेत में रखी धान की फसलों को तबाह कर दिया। हालांकि अब तक इस झुंड ने किसी गांव में प्रवेश नहीं किया है लेकिन लगातार हो रही फसलों की बर्बादी और हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हो रहा है। वनविभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दिन भर हाथियों का झुंड जंगलों में आराम करता है और जैसे ही रात होने लगती है झुंड खेतों की ओर बढ़ने लगता है।
क्षेत्र के ही पिंपलगांव (ह.) के करीब 20 किसानों की फसलों को हाथियों ने शनिवार को नुकसान पहुंचाया था। अब रविवार की रात इन्हीं हाथियों ने चिखली रिठ गांव के पांच किसानों की फसल को तबाह कर दिया है। सुबह जैसे ही किसान अपने खेतों में पहुंचे क्षतिग्रस्त फसलें उन्हें दिखायी दी। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना वनविभाग को दी है। सोमवार को दिनभर वनविभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी फसलों के नुकसान का सर्वे करते रहे। जानकारी के अनुसार नुकसान का प्रस्ताव तैयार कर इसे सरकार से मंजूरी मिलते ही संबंधित किसानों को वित्तीय सहायता दी जाएगी। जंगली हाथियों के इस झुंड के कारण वर्तमान में क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हुआ है।
नाइट विजन व ड्रोन कैमरे से निगहबानी
जंगली हाथियों के किसी भी झुंड को क्षेत्र से खदेड़ा नहीं जा सकता। आम इन्सान जितना अधिक हाथियों के करीब पहुंचेगा उतने ही अधिक हाथी आक्रामक होंगे। देसाईगंज वनविभाग ने हाथियों के झुंड के लिए तीन टीम तैयार की है। इन पर नजर रखने के लिए नाइट विजन और ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जा रही है। तीन में से एक दल हर समय झुंड के पीछे है। वहीं दूसरा दल लोगों में जनजागरण कर रहा है, जबकि तीसरे दल के कर्मचारी नुकसान के सर्वे में जुटे हंै।
युद्धस्तर पर हो रहा फसलों का सर्वेक्षण
हाथियों का झुंड देसाईगंज वनविभाग के तहत आने वालों जंगलों में विचरण कर रहा है। रात में हाथी खेतों की ओर बढ़ रहे हैं। अब तक अनेक किसानों की फसलांे को हाथियों ने तबाह किया है। इस नुकसान का सर्वेक्षण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। 8 से 10 दिनों के भीतर संबंधित नुकसानग्रस्त किसानों को मदद पहुंचायी जाएगी। -धर्मवीर सालविट्ठल, विभागीय वनाधिकारी, वनविभाग देसाईगंज
Created On :   30 Nov 2021 2:02 PM IST