- Home
- /
- ओला पीड़ित किसान ने मदद की गुहार...
ओला पीड़ित किसान ने मदद की गुहार लगाते हुए पूर्व विधायक के पकड़े पैर

- नुकसान की जल्द भरपाई की जाएगी
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। मध्यप्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि ने फसलों को बड़े पैमाने पर तबाह किया है। किसान अपने को संकट में पा रहे हैं और मदद की गुहार लगा रहे हैं। मदद की खातिर शिवपुरी में तो एक किसान पूर्व विधायक के पैरों पर ही गिर पड़ा।
शिवपुरी जिले में ओलावृष्टि के बाद फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बदरवास के दीघोद गांव में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव जब गांव में पहुंचे तो यहां पर एक पीड़ित किसान ने पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव के पैर पकड़ लिए।
पीड़ित किसान ने बताया कि ओलावृष्टि से उसकी फसल बर्बाद हो गई। वह बर्बाद हो गया है। प्रशासन से नुकसान के एवज में क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। दीघोद में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे और अन्य प्रशासनिक अमला भी यहां पर था, जो ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए गया था।
गौरतलब है कि दो दिन से हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से शिवपुरी जिले के करीब 100 से ज्यादा गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है। अब सर्वे की बात जिला प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा कही जा रही है।
शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि सर्वे के लिए राजस्व अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है और सर्वे के आधार पर किसानों को जल्द नुकसान की भरपाई की जाएगी।
(आईएएनएस)
Created On :   10 Jan 2022 11:30 AM IST