अयोध्या राम मंदिर के निर्माण में लग रहा गड़चिरोली का सागौन

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। गड़चिरोली जिले के आलापल्ली के उच्च दर्जे का सागौन विश्वप्रसिद्ध है। प्रभु श्रीरामचंद्र के भव्य दिव्य मंदिर के लिए आवश्यक काष्ठ सागौन लकड़ा आलापल्लीवासियों ने उत्साह से अयोध्या के लिए रवाना किया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर उक्त लकड़े की विधिवत पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात सजाए गए वाहन पर डीजे की धुन में सरकारी सॉ मिल से वीर बाबूराव चौक तक रैली निकाली गई। गड़चिरोली जिले के सागौन को प्रभु श्रीराम के मंदिर में लगाने का सम्मान मिलने से जिले के साथ ही आलापल्ली का मान देशस्तर पर ऊंचा उठा है।
गड़चिरोली जिले का सागौन विभिन्न वस्तु दरवाजे दरवाजे, फर्निचर बनाने के लिए विश्वप्रसिद्ध है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर के लिए आवश्यक दरवाजे, खिड़कियां, नक्काशीकाम तथा विभिन्न शोपीस बनाने के लिए आलापल्ली के सागौन का चयन किया गया था। इससे पूर्व भी देश के नए संसद भवन निर्माण के लिए आलापल्ली वनक्षेत्र से गया सागौन बल्लारपुर डिपो से खरीदा गया था। ग्लोरी ऑफ फॉरेस्ट के रुप में प्रसिद्ध विदर्भ के जंगल का उच्चस्तर का सागौन है। संसद भवन का सौंदर्य में चार चांद लगाने में इस लकड़े ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब अयोध्या के राम मंदिर के निर्माण में भी आलापल्ली वनक्षेत्र का सागौन उपयोग में लाया जाने वाला है। जिससे मंदिर के निर्माण में जिले का भी योगदान रहेगा। आलापल्ली के वनविकास महामंडल के साॅ-मील में सागौन लकड़ा संकलित किया गया है। आलापल्ली परिसर के श्रध्दालुओं ने लकड़े का विधिवत पूजन किया। इस समय श्रीराम समिति, व्यापारी संगठना आलापल्ली, गांव के प्रतिष्ठित नागरिक, श्रध्दालु उपस्थित थे।
Created On :   28 March 2023 3:32 PM IST